पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी श्रद्धांजलि

नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में जवानों का बलिदान अविस्मरणीय, शहीद परिवारों का किया सम्मान
बस्तर में भय की जगह शांति और विकास, शहीद जवानों के परिवारों के साथ खड़ी है सरकार
रायपुर। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के माना स्थित चौथी वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शहीद पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश और प्रदेश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों को नमन किया। इस दौरान शहीद जवानों के परिजनों को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता पुलिस और सुरक्षा बलों के जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान का परिणाम है। लंबे समय तक नक्सली हिंसा से प्रभावित रहे बस्तर में अब शांति, सुरक्षा और विश्वास का माहौल बन रहा है। जवानों के त्याग और समर्पण को प्रदेश कभी नहीं भूलेगा।

उन्होंने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस वीर जवानों के बलिदान को याद करने के साथ उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेने का अवसर भी है। किसी जवान की शहादत के पीछे उसके परिवार का त्याग और संघर्ष भी जुड़ा होता है। इसलिए शहीद परिवारों का सम्मान और कल्याण सरकार की प्राथमिकता है।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से पहुंच रहा विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है। छत्तीसगढ़ पुलिस, जिला रिजर्व गार्ड, बस्तर फाइटर्स और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने कठिन परिस्थितियों में साहस के साथ मुकाबला किया है।

उन्होंने बताया कि बस्तर के दूरस्थ इलाकों में सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और संचार जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। नियद नेल्लानार योजना, पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य बस्तर में शांति को स्थायी बनाना और विकास को गति देना है।
एक साल में छत्तीसगढ़ पुलिस के 6 जवान शहीद
पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने बताया कि 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच नक्सल विरोधी अभियानों में छत्तीसगढ़ पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की कार्रवाई में 84 नक्सली मारे गए। इसी अवधि में छत्तीसगढ़ पुलिस के छह जवानों ने कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनकी वीरता और समर्पण पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा है। उन्होंने शहीद परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार उनके साथ खड़ी है। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रायपुर के राजीव स्मृति वन स्थित शहीद वाटिका पहुंचकर अमर जवान स्तंभ पर पुष्प अर्पित किए। इस अवसर पर विधायक मोतीलाल साहू, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद सिन्हा, पुलिस एवं सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी और शहीद जवानों के परिजन उपस्थित रहे।



