जांजगीर-चांपा में भारी बारिश की संभावना,किसानों को 2 से 4 दिन धान कटाई रोकने की सलाह

जांजगीर चांपा जिले में 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना को देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों के लिए सलाह जारी की है। उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने किसानों से खरीफ फसलों को सुरक्षित रखने की अपील की है। कृषि विभाग के अनुसार, पक चुकी धान, दलहन और तिलहन की फसलों की कटाई अगले 2 से 4 दिनों तक रोककर रखें। जिन किसानों ने फसल काट ली है, वे उसे जल्द सुरक्षित और ऊंचे स्थान पर रख दें। खेतों में पानी भरने से रोकने के लिए निकासी की व्यवस्था करें,विभाग ने किसानों को तिवड़ा और अलसी की बुवाई कुछ दिनों तक टालने तथा रबी फसलों की बुवाई मौसम अनुकूल होने पर करने की सलाह दी है। सब्जियों और बागवानी फसलों को तेज हवा, ओलावृष्टि और जलभराव से बचाने के लिए भी जरूरी इंतजाम करने को कहा गया है। कृषि विभाग ने किसानों से मौसम के पूर्वानुमान पर नजर रखने और जरूरी सलाह के लिए ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी या कृषि विज्ञान केंद्र से संपर्क करने की अपील की है।



