No Slide Found In Slider.
रायपुर

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने माता हासी देवी के सम्मान में जारी किया 200 रुपये का स्मारक सिक्का

राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रहे मौजूद,सिंधी समाज के लिए गौरव का पल

रायपुर,राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुरुवार को रायपुर स्थित लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में पूज्य माता हासी देवी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। इस मौके पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मौजूद रहे।

यह स्मारक सिक्का पूज्य शदाणी दरबार रायपुर की पांचवीं पीठाधीश माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर भारत सरकार के वित्त मंत्रालय की ओर से जारी किया गया है। सिंधी समाज की महान विभूति के सम्मान में सिक्का जारी होना समाज के लिए ऐतिहासिक और गर्व का क्षण है। इससे देश-विदेश में रहने वाले करोड़ों सिंधी लोगों में खुशी है।

जारी किए गए विशेष सिक्के पर माता हासी देवी की छवि अंकित है। सिक्के की दूसरी ओर अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और 200 रुपये का मूल्यवर्ग दर्शाया गया है। इस सिक्के के माध्यम से माता हासी देवी के जीवन, विचारों और आध्यात्मिक योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

सिक्के के अनावरण के बाद श्रद्धालु और सिक्का संग्रह करने वाले लोग शदाणी दरबार की अलग-अलग इकाइयों के माध्यम से इसकी बुकिंग कर सकेंगे। कार्यक्रम में पूज्य शदाणी दरबार रायपुर के पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने स्वागत उद्बोधन दिया। इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी और मोतीलाल साहू सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्य सचिव विकासशील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, वरिष्ठ अधिकारी, शदाणी दरबार के सदस्य और देशभर से आए जनप्रतिनिधि व सिंधी समाज के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!