No Slide Found In Slider.
राजनीति

तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदलेगा,मूल स्वरूप से भी नहीं होगी छेड़छाड़,मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक के नाम परिवर्तन को लेकर चल रही चर्चाओं और भ्रम को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने साफ कर दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदला जा रहा है और न ही इसके मूल स्वरूप के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ की जाएगी। चौक का नाम पहले की तरह ही रहेगा।

मुख्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि प्रदेश के 38 स्थानों को ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित किया जाएगा। इन 38 स्थानों में रायपुर का तेलीबांधा चौक भी शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका मतलब चौक का नाम बदलना नहीं है। तेलीबांधा चौक को सिर्फ ‘सेवा ज्योति संकल्प’ की भावना के अनुरूप विकसित और सजाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी इसे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मनाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि आज दुर्ग में ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें वे शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की महिलाओं के लिए संचालित महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सभी माताओं और बहनों को इस अवसर पर शुभकामनाएं दी हैं।

उन्होंने कहा कि दुर्ग जिले को भी इस मौके पर कई विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की सौगात मिलेगी। सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर क्षेत्र और हर वर्ग तक विकास और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना के साथ राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास कार्यों के साथ आम लोगों के जीवन में भी बेहतर बदलाव आए।

मुख्यमंत्री के बयान के बाद तेलीबांधा चौक के नाम बदलने को लेकर चल रही चर्चाओं पर फिलहाल विराम लग गया है। चौक का नाम तेलीबांधा चौक ही रहेगा, जबकि इसे ‘सेवा ज्योति संकल्प’ की थीम के अनुरूप विकसित किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!