No Slide Found In Slider.
रायपुर

रायपुर में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का भव्य शुभारंभ, 6 टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी

छत्तीसगढ़ में हॉकी के नए युग की शुरुआत, युवा खिलाड़ियों को दिग्गजों से सीखने का मिलेगा मौका

1 नवंबर तक चलेगी छत्तीसगढ़ हॉकी लीग, स्टेडियम में प्रवेश निशुल्क और जियोहॉटस्टार पर होगा सीधा प्रसारण

रायपुर। छत्तीसगढ़ में हॉकी को बढ़ावा देने और स्थानीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए देश की पहली छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का रायपुर में भव्य शुभारंभ किया गया। सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खड़से और छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव सहित कई जनप्रतिनिधि और खेल जगत की हस्तियां मौजूद रहीं।

केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा खड़से ने कहा कि केंद्र सरकार देशभर में खेलों को बढ़ावा देने के लिए बड़े स्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रही है। सरकार का उद्देश्य खेलों को हर घर तक पहुंचाना और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर अवसर देना है। उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ आने वाले समय में देश के प्रमुख खेल केंद्रों में शामिल होगा।

वहीं, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की गूंज पूरे प्रदेश में ‘चलो रे संगी, हॉकी खेलबो’ के रूप में सुनाई देगी। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता प्रदेश में हॉकी को मजबूत बनाने और युवा खिलाड़ियों को पेशेवर स्तर पर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। छत्तीसगढ़ ने विन्सेंट लकड़ा, मृणाल चौबे, रेणुका यादव और सबा अंजुम जैसे प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी देश को दिए हैं।

यह लीग 22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित होगी। इसमें छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ी होंगे, जिनमें छत्तीसगढ़ के 18 स्थानीय खिलाड़ियों के साथ चार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शामिल हैं। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनकी तकनीक सीखने का अवसर मिलेगा,प्रतियोगिता में चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स, राजधानी रॉयल्स, मैनपाट टाइगर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और बैलाडीला बुल्स की टीमें मैदान में उतरेंगी। सभी मुकाबले रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। प्रतिदिन पहला मैच शाम 5:30 बजे और दूसरा मैच शाम 7:30 बजे से होगा। लीग के पहले दिन महिला खिलाड़ियों का विशेष प्रदर्शनी मैच भी आयोजित किया गया। दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश निशुल्क रखा गया है। जो लोग स्टेडियम नहीं पहुंच सकते, वे जियोहॉटस्टार पर मैचों का सीधा प्रसारण देख सकेंगे। इस आयोजन से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!