No Slide Found In Slider.
रायपुर

विजयादशमी पर छत्तीसगढ़ को मिली नई रेल सेवाओं की सौगात,रावघाट तक पहली बार पहुंची ट्रेन

  • रायपुर, छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में 20 अक्टूबर को बड़ा कदम उठाया गया। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर रेलवे स्टेशन से रावघाट-रायपुर और रायपुर-कुरूद यात्री रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान ताड़ोकी-रावघाट और अभनपुर-कुरूद रेलखंडों का लोकार्पण किया गया। वहीं, रायपुर में आधुनिक इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी की आधारशिला भी रखी गई। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रेल सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। विजयादशमी के अवसर पर मिली यह सौगात प्रदेश के लिए गर्व की बात है। इससे दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी।

आजादी के बाद पहली बार रावघाट तक पहुंची रेल

https://www.instagram.com/reel/DeuXPbmNCGQ/?xtok=MTR1cHRpdzFidjRhcA==

ताड़ोकी से रावघाट के बीच 17.5 किलोमीटर रेल लाइन का काम पूरा होने के बाद पहली बार रावघाट रेल नेटवर्क से जुड़ा है। करीब 1,628 करोड़ रुपये की लागत वाली दल्लीराजहरा-रावघाट रेल परियोजना की कुल लंबाई लगभग 95 किलोमीटर है। इस रेल संपर्क से बस्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही व्यापार, पर्यटन, उद्योग और रोजगार के नए अवसर खुलने की उम्मीद है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि छत्तीसगढ़ में करीब 54 हजार करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इस साल प्रदेश को रेलवे के लिए 7,470 करोड़ रुपये का बजट मिला है। आने वाले समय में रावघाट से जगदलपुर तक रेल संपर्क बढ़ाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

रायपुर से कुरूद तक शुरू हुई नई यात्री रेल सेवा

रायपुर-कुरूद रेल सेवा शुरू होने से इस क्षेत्र के लोगों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। अभनपुर से कुरूद तक करीब 22 किलोमीटर रेल लाइन का गेज परिवर्तन पूरा हो चुका है। पहले रायपुर और धमतरी के बीच नैरो गेज रेल सेवा चलती थी। अब ब्रॉडगेज लाइन बनने से रेल सुविधा के विस्तार का रास्ता खुला है। कुरूद से धमतरी तक शेष काम पूरा होने के बाद रायपुर से धमतरी तक रेल सेवा बढ़ाने में मदद मिलेगी।

रेलवे विकास पर बड़े पैमाने पर काम


कार्यक्रम में रायपुर में आधुनिक इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी की आधारशिला भी रखी गई। इस सुविधा में भविष्य में 300 हाई हॉर्सपावर इलेक्ट्रिक रेल इंजनों के रखरखाव की क्षमता विकसित होगी। इससे रेल परिचालन और माल परिवहन की व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि रेल नेटवर्क बढ़ने से विद्यार्थियों को शिक्षा, मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाओं, किसानों को बड़े बाजारों और युवाओं को रोजगार के अवसरों तक पहुंचने में आसानी होगी। उन्होंने रावघाट-जगदलपुर, खरसिया-परमालकसा और डोंगरगढ़-कटघोरा जैसी रेल परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। कार्यक्रम में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, कांकेर सांसद भोजराज नाग, विधायक राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, पूर्व सांसद एवं विधायक विक्रम उसेंडी, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश, मंडल रेल प्रबंधक दयानंद सहित जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!