भीमा तालाब को मछली पालन के ठेके पर देने की तैयारी का विपक्ष ने किया विरोध,चेक पंजी और पीएम आवास में कथित गड़बड़ी को लेकर नगर पालिका की सामान्य सभा में हंगामा

जांजगीर नैला नगर पालिका में लंबे समय बाद सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई,,शाम 4 बजे शुरू हुई इस बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष,प्रभारी सीएमओ,भाजपा-कांग्रेस के पार्षद और एल्डरमेन शामिल हुए,बैठक में नगर के विकास से जुड़े 12 बिंदुओं पर चर्चा की गई,इस दौरान कांग्रेस पार्षदों ने आर्थिक अनियमितता,पीएम आवास के नाम पर कथित वसूली, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और खरीदी प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए,वहीं,,ऐतिहासिक भीमा तालाब को मछली पालन के ठेके पर देने की तैयारी का भी विरोध किया।
https://www.instagram.com/reel/De3dVimt_Hw/?psln=MTA3anNwajNmY3RzNg==
चेक पंजी दिखाने की मांग पर हुआ हंगामा
बैठक के दौरान पार्षदों ने ठेकेदारों और अन्य कार्यों के भुगतान से संबंधित चेक पंजी दिखाने की मांग की,विपक्षी पार्षदों का आरोप था कि प्रभारी सीएमओ ने मांगी गई जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध नहीं कराई और नियमों का हवाला देकर मामले को टालने की कोशिश की,इससे नाराज पार्षदों ने हंगामा किया,,कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि जनता ने उन्हें चुनकर नगर के विकास और कामकाज पर नजर रखने की जिम्मेदारी दी है,ऐसे में नगर पालिका के भुगतान और खरीदी से जुड़ी जानकारी प्राप्त करना उनका अधिकार है,उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदारों को भुगतान करने और एसी-कंप्यूटर की खरीदी में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है,पार्षदों ने वार्डों में सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों पर भी सवाल उठाए।
सड़क-नाली निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल
बैठक में पार्षदों ने सड़क और नाली निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर चिंता जताई,उनका कहना था कि कई निर्माण कार्य एक साल भी नहीं टिक पा रहे हैं,उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की जांच कराने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की,पार्षदों ने कहा कि जांच के दौरान संबंधित जनप्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाना चाहिए,ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके,,इसके अलावा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी को नगर पालिका के हैंडओवर लेने के मुद्दे पर पार्षदों ने सहमति जताई,पीएम आवास योजना के नाम पर हितग्राहियों से पैसे मांगने की शिकायतों का मुद्दा भी बैठक में उठा,विपक्ष ने ऐसी कथित वसूली पर रोक लगाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
भीमा तालाब को ठेके पर देने की तैयारी पर आपत्ति
बैठक का एक प्रमुख मुद्दा ऐतिहासिक भीमा तालाब को मछली पालन के लिए ठेके पर देने की तैयारी रहा,विपक्षी पार्षदों ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि पहले की परिषद में तालाब को मछली पालन से मुक्त रखने का निर्णय लिया गया था,अब दोबारा ठेका देने की तैयारी की जा रही है,जबकि तालाब के संरक्षण और सौंदर्यीकरण की मांग भी उठ रही है,कांग्रेस पार्षदों का कहना है कि भीमा तालाब शहर की ऐतिहासिक धरोहर है और इसे बचाने के लिए नागरिक लगातार प्रयास कर रहे हैं,तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए जिला प्रशासन से एक करोड़ रुपये की राशि की मांग किए जाने की बात भी कही गई,विपक्ष ने मांग की कि तालाब को ठेके पर देने के बजाय उसके संरक्षण और विकास पर ध्यान दिया जाए।
अध्यक्ष ने आरोपों को बताया विकास विरोधी
वहीं,नगर पालिका अध्यक्ष ने कांग्रेस पार्षदों के आरोपों को विकास विरोधी बताया,उन्होंने कहा कि नगर के विकास के लिए शासन से लगातार मांग पत्र भेजे जा रहे हैं और विभिन्न कार्यों के लिए राशि स्वीकृत कराने का प्रयास किया जा रहा है,अध्यक्ष ने 16 नए विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए प्रस्ताव भेजने की भी जानकारी दी। पीएम आवास योजना में गड़बड़ी के आरोपों पर अध्यक्ष ने कहा कि योजना के निर्माण में कोई गड़बड़ी नहीं हो रही है,हालांकि,यदि कोई कर्मचारी या ठेकेदार हितग्राहियों से पैसे की मांग करता पाया जाता है,तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका की सामान्य सभा में हुए हंगामे और उठाए गए सवालों के बीच भीमा तालाब के भविष्य,भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता,निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और पीएम आवास योजना से जुड़ी शिकायतों को लेकर अब नगरवासियों की नजर आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।



