No Slide Found In Slider.
रायपुर

गढ़फुलझर को मिली 1 करोड़ रुपये की सौगात, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 50 लाख के सर्वमंगल भवन का किया लोकार्पण,मंदिर में डोम निर्माण की घोषणा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार को महासमुंद जिले के बसना विकासखंड के ग्राम गढ़फुलझर में बाबा बिशासहे कुल कोलता समाज के वार्षिक स्नेह सम्मेलन एवं बंधु मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित सर्वमंगल भवन का लोकार्पण किया। वहीं, समाज की मांग पर रामचंडी मंदिर परिसर में 50 लाख रुपये की लागत से भव्य डोम निर्माण कराने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2024 में गढ़फुलझर के विकास के लिए किए गए वादे अब पूरे हो रहे हैं। गांव में 48 लाख रुपये की लागत से मानसरोवर तालाब का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। इसके साथ ही करीब पौने दो किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण भी प्रगति पर है, जिस पर लगभग 3.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाएं बढ़ेंगी और सामाजिक, धार्मिक तथा सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

कोलता समाज के योगदान की सराहना

मुख्यमंत्री साय ने कोलता समाज की सराहना करते हुए कहा कि इस समाज ने कृषि, शिक्षा, सेवा और सामाजिक क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। समाज की मेहनत, शिक्षा और आपसी सहयोग की भावना दूसरे समाजों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत बनाने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरा करने के लिए काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य विकास और योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1,600 आवासों का निर्माण हो रहा है। वहीं, महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। किसानों, श्रमिकों, तेंदूपत्ता संग्राहकों और युवाओं के कल्याण के लिए भी विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं।

तकनीक से आसान होंगी सरकारी सेवाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने के लिए तकनीक का उपयोग कर रही है। नागरिकों की शिकायतों के समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू की गई है। वहीं, सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से 36 विभागों की करीब 700 सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी,,उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि सरकारी सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से लोगों तक पहुंचें।

पर्यटन और सिंचाई परियोजनाओं से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में धार्मिक, प्राकृतिक और सांस्कृतिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। सरकार पर्यटन स्थलों पर सुविधाओं का विस्तार करने और होमस्टे जैसी व्यवस्थाओं को प्रोत्साहित करने पर ध्यान दे रही है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिल सके,,उन्होंने सिरपुर बैराज और सिकासेर-कोडार लिंक परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किसानों की समृद्धि और कृषि उत्पादन बढ़ाने में मददगार होगा।

सांसदों और जनप्रतिनिधियों ने भी रखे विचार

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं संबलपुर सांसद धर्मेंद्र प्रधान ने गढ़फुलझर को आस्था और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र बताया। उन्होंने कहा कि सर्वमंगल भवन के निर्माण से सामाजिक कार्यक्रमों को बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने किसानों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के किसान देश की खाद्य सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं,,महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी ने भी क्षेत्र के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने रामचंडी मंदिर में सीढ़ियों के लिए शेड निर्माण हेतु सांसद निधि से राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं,,कार्यक्रम में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री तथा महासमुंद जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, कोलता समाज के अध्यक्ष भुवनेश्वर सदावर्ती सहित समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!