छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा पुलिस की पहल रंग लाई, सबरिया समाज ने छोड़ा अवैध शराब का धंधा, अपनाया स्वावलंबन का रास्ता

जांजगीर-चांपा। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) की पहल का असर अब जिले में साफ नजर आने लगा है। सामाजिक पुलिसिंग के अंतर्गत सबरिया समाज को मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें स्वावलंबी बनाने की दिशा में किए गए प्रयास रंग ला रहे हैं। परिणामस्वरूप अब स्वयं सबरिया समाज के लोग अवैध शराब बिक्री से दूरी बनाने का संकल्प ले रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, सबरिया समाज के लोग सामूहिक चर्चा कर यह निर्णय ले चुके हैं कि अब वे किसी भी प्रकार की अवैध शराब निर्माण या बिक्री जैसी गतिविधियों में शामिल नहीं होंगे। पुलिस अधीक्षक द्वारा समाज के लोगों को स्वरोजगार, कौशल विकास एवं विशेष प्रशिक्षण के माध्यम से आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की योजनाएं लागू की जा रही हैं। महिलाओं को बिहान समूह से जोड़कर आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित किया जा रहा है।

इसी क्रम में 1 सितंबर को पामगढ़ के ग्राम कमरीद के सबरिया समाज के लोगों को ग्राम खोखसा में मानिकपूरी समाज की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे साबुन, फिनाइल, डिटर्जेंट और अगरबत्ती निर्माण कार्य का अवलोकन कराया गया। इस पहल का उद्देश्य उन्हें छोटे-छोटे उद्यमों से जोड़कर आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करना है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय का कहना है कि यदि समाज का कमजोर वर्ग आत्मनिर्भर होगा तो वे अवैध गतिविधियों से दूर रहेंगे। यही पहल जिले में मिसाल बनती जा रही है।

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!