अमरकंटक में कड़ाके की ठंड,ओस जमी बर्फ में बदली, तापमान 0 डिग्री पर पहुंचा

पवित्र नगरी अमरकंटक में शीत लहर ने लोगों को कंपकंपाने पर मजबूर कर दिया है। आज सुबह अमरकंटक की अब तक की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई, जब तापमान गिरकर 0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। बीते तीन दिनों से लगातार ओस की बूंदें जमकर बर्फ का रूप ले रही हैं, जिससे ठंड और भी तीखी हो गई है।
नर्मदा नदी के प्रसिद्ध रामघाट, दक्षिण तट के पार्क और इंद्र दमन तालाब के किनारे घास व जमीन पर बर्फ की परत जमी नजर आई। सुबह इस नजारे को देखकर श्रद्धालु और पर्यटक हैरान रह गए। खुले में खड़े वाहनों के कांच और छत पर भी बर्फ जम गई, जिससे ठंड की तीव्रता साफ झलक रही थी।हाड़ कंपा देने वाली ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था डगमगाई नहीं। रामघाट पर बड़ी संख्या में भक्त नर्मदा नदी में डुबकी लगाते और पूजा-अर्चना करते नजर आए। कड़ाके की ठंड के बीच भी श्रद्धा का यह दृश्य अमरकंटक की खास पहचान बन गया है।पर्यटकों में भी अमरकंटक की ठंड का अनुभव करने को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। वहीं प्रशासन और स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं व पर्यटकों से अपील की है कि वे पर्याप्त गर्म कपड़े साथ लेकर आएं, ताकि ठंड से बीमार होने से बचा जा सके।अमरकंटक की तराई में स्थित गौरेला–पेंड्रा–मरवाही जिला भी इस शीत लहर से प्रभावित है। अमरकंटक के मौसम का सीधा असर पेंड्रा क्षेत्र में देखने को मिल रहा है, जिससे पूरे जिले में ठंड काफी बढ़ गई है।



