राज्य एवं शहर

कोनार राहत शिविर पहुंचे अपर कलेक्टर,बाढ़ प्रभावित इलाकों का लिया जायजा,बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश

जांजगीर-चांपा जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच जिला प्रशासन राहत और बचाव कार्यों पर लगातार नजर बनाए हुए है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर ने शनिवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र कोनार पहुंचकर राहत शिविर और आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया।


अपर कलेक्टर ने सबसे पहले कोनार में बनाए गए राहत शिविर का जायजा लिया। उन्होंने वहां रह रहे प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत शिविर में रहने वाले लोगों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, साफ-सफाई, शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाएं लगातार उपलब्ध कराई जाएं।
इसके बाद अपर कलेक्टर ट्रैक्टर के माध्यम से जलभराव वाले और बाढ़ प्रभावित गांवों तक पहुंचे। उन्होंने मौके पर जाकर हालात का निरीक्षण किया और देखा कि किन क्षेत्रों में पानी भरा हुआ है तथा लोगों को किस तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति की जानकारी भी ली।
अपर कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जाए और जरूरत पड़ने पर तुरंत राहत सामग्री तथा बचाव दल भेजे जाएं। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है और किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग पूरी तरह तैयार रहें।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार अमरनाथ श्याम सहित राजस्व विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। जिला प्रशासन का कहना है कि लगातार बारिश को देखते हुए सभी राहत शिविरों और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर हर संभव सहायता मिल सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!