
रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जापान और साउथ कोरिया के दौरे पर रवाना हुए. एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि यह दौरा पूरी तरह उद्योग और निवेश केंद्रित है. सीएम साय ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल्स और फूड प्रोसेसिंग तीन ऐसे सेक्टर हैं जिनमें जापान और साउथ कोरिया ने बेहतरीन काम किया है और इन क्षेत्रों में छत्तीसगढ़ की अपार संभावनाएं मौजूद हैं.
जापान और कोरिया की कंपनियां छत्तीसगढ़ में करेंगी निवेश
विष्णुदेव साय ने कहा कि नई उद्योग नीति को लेकर सरकार गंभीर है. इस दौरे का मुख्य उद्देश्य वैश्विक स्तर पर छत्तीसगढ़ की संभावनाओं को प्रस्तुत करना है. मुख्यमंत्री ने बताया कि वे वहां की नामी कंपनियों और उद्यमियों से मिलकर उन्हें छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित करेंगे.
छत्तीसगढ़ में खुलेंगे रोजगार के नए अवसर
सीएम साय ने कहा “हम चाहते हैं कि छत्तीसगढ़ केवल खनिज और प्राकृतिक संसाधनों के लिए ही नहीं, बल्कि उद्योग, तकनीक और रोजगार के अवसरों के लिए भी जाना जाए. जापान और कोरिया का अनुभव हमारे लिए मार्गदर्शक होगा. इससे न केवल राज्य में नई तकनीक आएगी बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे.”
नई उद्योग नीति से छत्तीसगढ़ में निवेश
इस दौरान विष्णुदेव साय ने कहा कि नई उद्योग नीति लाने के बाद 6.5 लाख करोड़ रुपये का एमओयू हुआ है और उसमें से बहुत सारे काम शुरू भी हो गए हैं.
राजनीतिक और औद्योगिक हलकों में सीएम साय के इस दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है. सरकार को उम्मीद है कि इस यात्रा से निवेश और औद्योगिक सहयोग का नया द्वार खुलेगा और छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी.



