जनपद सदस्य ने HR अफसर को पीटा, धमकाया – प्लांट में भर्ती विवाद से जुड़ा मामला गरमाया

जनपद सदस्य ने HR अफसर को पीटा, धमकाया – प्लांट में भर्ती विवाद से जुड़ा मामला गरमाया
जांजगीर चाम्पा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां अकलतरा जनपद सदस्य बालमुकुंद साहू ने नौकरी न दिलवाने की नाराजगी में नुवोको सीमेंट प्लांट के जूनियर एचआर अफसर जितेंद्र तिवारी के साथ सरेआम मारपीट की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने हड़कंप मचा दिया है।
कार से खींचकर बेरहमी से पीटा गया HR अफसर
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि HR अधिकारी जितेंद्र तिवारी प्लांट के पास एक दुकान से भागते हुए अपनी कार में बैठने की कोशिश करते हैं, लेकिन तभी बालमुकुंद अपने तीन साथियों के साथ वहां पहुंचते हैं। वे जबरन कार रुकवाते हैं, दरवाजा खोलकर जितेंद्र तिवारी को बाहर घसीटते हैं और डंडों, घूंसे व लातों से बेरहमी से पीटते हैं। मौके पर मौजूद लोग जब बीच-बचाव की कोशिश करते हैं, तो उन्हें भी धमकाया जाता है।
राजनीतिक दबाव और भर्ती विवाद से जुड़ रहा मामला
सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में प्लांट में श्रमिकों की भर्ती को लेकर विवाद खड़ा हुआ था, जिसमें कुछ राजनीतिक हस्तक्षेप की भी बात सामने आई थी। माना जा रहा है कि यही विवाद अब हिंसा का रूप ले चुका है।
पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया
एसपी विजय पांडेय ने बताया कि मामले में चार लोगों – बालमुकुंद साहू, मुनेश्वर कश्यप, मुकेश पटेल और मुकेश चौहान – के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है।
सवालों के घेरे में कानून व्यवस्था
इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आम लोगों का कहना है कि जब एक जनपद सदस्य खुलेआम कानून अपने हाथ में ले सकता है, तो आम आदमी की सुरक्षा कौन करेगा?



