जिला पंचायत अध्यक्ष की अनुशंसा पर 32.8 लाख की राशि स्वीकृत, अनुसूचित जाति बहुल ग्रामों में होंगे विकास कार्य

जांजगीर-चांपा। जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी की अनुशंसा पर अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण से 32.8 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कर तीन ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के लिए जारी कर दी गई है। वित्त वर्ष 2024-25 के बजट से ग्राम पंचायत पचरी में 8.4 लाख रुपये, साजापाली में 6.4 लाख रुपये और कोटमी सोनार में 18 लाख रुपये के विभिन्न निर्माण कार्य कराए जाएंगे।
इंजी. सत्यलता मिरी वर्तमान में जिला पंचायत अध्यक्ष होने के साथ-साथ अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण और छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण की सदस्य भी हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सुशासन सरकार में अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों के विकास के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। हाल ही में हुई प्राधिकरण की बैठक में मुख्यमंत्री जी ने आगामी बजट में अनुसूचित जाति वर्ग के लिए बजट बढ़ाकर 75 करोड़ करने की घोषणा की। साथ ही सतनामी समाज के पवित्र धाम गिरोदपुरी के विकास हेतु अतिरिक्त 2 करोड़ रुपये, भंडारपुरी धाम के विकास के लिए 16 करोड़ रुपये और पायलट प्रशिक्षण के लिए 15-15 लाख रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणाएँ भी की गई हैं।
इंजी. मिरी क्षेत्र में बेहद सक्रिय हैं। शिक्षित और समाज की ज़रूरतों को समझने वाली एक प्रभावी महिला नेता के रूप में वह लगातार ग्रामों का दौरा कर रही हैं। वह औचक निरीक्षण कर संबंधित विभागों से योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करती हैं और यह सुनिश्चित करती हैं कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। उनकी सक्रियता से क्षेत्र में विकास कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जिले के समग्र विकास के लिए सरकार करोड़ों रुपये के कार्यों की स्वीकृति दे चुकी है और आने वाले समय में और भी कई योजनाओं के तहत करोड़ों की राशि उपलब्ध कराई जाएगी ताकि हर वर्ग का विकास हो सके। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने उनकी इस पहल की सराहना की है।



