छत्तीसगढ़रायपुर

रेलवे क्राइम ब्रांच ने पकड़ा 3 लाख का गांजा

रायपुर: रायपुर रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने 16.65 किलोग्राम गांजा के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 3.33 लाख रुपये बताई जा रही है।

महानिरीक्षक सह पुलिस आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल (रेसुब), बिलासपुर के मार्गदर्शन और वरिष्ठ पुलिस आयुक्त, रेसुब, रायपुर के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक निशा भोईर, सीआईबी, रायपुर के नेतृत्व में उपनिरीक्षक बी.आर. साहू, सहायक उपनिरीक्षक एस.के. राठौर, ए.एस. यादव, आरक्षक एन.के. महाणा, एस.पी. सिंह और आबकारी विभाग के एडीईओ टी.बी. कुर्रे सहित अन्य अधिकारियों ने रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1, दुर्ग छोर पर खंभा नंबर 40 के पास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर तलाशी अभियान चलाया।

इस दौरान एक व्यक्ति को एक बैग के साथ पकड़ा गया, जिसकी पहचान मोहम्मद अशलम (20 वर्ष), पुत्र मोहम्मद करीमुल्ला शाह, निवासी पेचपड़वा, थाना पेचपड़वा, जिला बलरामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। बैग की तलाशी में 7 पैकेट में 16.65 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजा उड़ीसा के जोडिंगा से सड़क मार्ग के जरिए रायपुर लाया था और इसे मुंबई ले जाने की तैयारी में था। वह मुंबई जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहा था, तभी उसे पकड़ लिया गया।

आबकारी विभाग ने गांजा जब्त कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ब) के तहत अपराध क्रमांक 134/2025 दर्ज किया। आरोपी को 25 अगस्त 2025 को विशेष एनडीपीएस न्यायालय, रायपुर में पेश किया जाएगा। यह कार्रवाई मादक पदार्थों के अवैध व्यापार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस और आबकारी विभाग के संयुक्त प्रयासों का हिस्सा है।

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!