राज्य एवं शहर

कर्रा नाला जलाशय की मरम्मत तेज,कलेक्टर-एसपी ने राहत कार्यों का लिया जायजा

जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा विकासखंड के ग्राम कोटमीसोनार स्थित कर्रा नाला जलाशय में मरम्मत का काम मिशन मोड पर लगातार जारी है। शनिवार को कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे एक बार फिर मौके पर पहुंचे और चल रहे मरम्मत व राहत कार्यों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जलाशय की स्थिति का जायजा लिया और सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ तेजी से काम करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष इंजीनियर सत्यलता आनंद मिरी, एसडीएम अकलतरा सुमित बघेल, जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग की तकनीकी टीम को क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत बिना रुके जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब तक मरम्मत पूरी नहीं हो जाती, तकनीकी टीम मौके पर ही मौजूद रहे और हर स्थिति पर नजर रखे।

कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि मरम्मत कार्य में बिजली की कमी या किसी अन्य कारण से कोई बाधा नहीं आनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर जनरेटर की व्यवस्था तुरंत की जाए, ताकि काम लगातार चलता रहे।

वहीं स्वास्थ्य विभाग को राहत शिविरों और प्रभावित गांवों में मेडिकल टीम की लगातार तैनाती रखने, लोगों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण करने और सभी जरूरी दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।इसके बाद कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने कोटमीसोनार में बनाए गए राहत शिविर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां ठहरे लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, शौचालय और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।जिला प्रशासन का कहना है कि कर्रा नाला जलाशय की मरम्मत और राहत कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। सभी विभाग मिलकर काम कर रहे हैं ताकि प्रभावित लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और जल्द से जल्द स्थिति सामान्य हो सके। प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!