तीन महीने से वेतन नहीं मिलने से परेशान SSS कंपनी के सुरक्षा गार्ड, आबकारी आयुक्त से लगाई मदद की गुहार
तीन महीने से वेतन नहीं मिलने से परेशान SSS कंपनी के सुरक्षा गार्ड, आबकारी आयुक्त से लगाई मदद की गुहार

जांजगीर सर्किल में तैनात SSS सिक्योरिटी कंपनी के सुरक्षा गार्ड पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण परेशान हैं। करीब 135 सुरक्षा गार्डों को वेतन न मिलने की वजह से उनके घर की हालत बिगड़ गई है। रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो गया है।

गार्डों का कहना है कि कंपनी ने ड्रेस के नाम पर भी उनसे पैसे लिए थे, लेकिन सिर्फ एक ही यूनिफॉर्म दी गई। वहीं कंपनी को 7200 रुपये लौटाने थे, जो अब तक वापस नहीं किए गए।

कर्मचारियों ने बताया कि वेतन न मिलने से उनके परिवार पर बुरा असर पड़ रहा है। बच्चों की पढ़ाई और दवाई तक में दिक्कत आ रही है। कई गार्डों के घर में राशन तक नहीं है, फिर भी वे ईमानदारी से अपनी ड्यूटी कर रहे हैं।परेशान कर्मचारियों ने अपनी शिकायत आबकारी आयुक्त से की है। आयुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए SSS कंपनी के अधिकारियों से बात कर जल्द वेतन दिलाने का आश्वासन दिया है। साथ ही भविष्य में ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए उचित कार्रवाई करने की बात कही है।सुरक्षा गार्डों ने निवेदन किया है कि उनकी समस्या का जल्दी समाधान किया जाए ताकि वे अपने परिवार का ठीक से पालन-पोषण कर सकें।



