जांजगीर नैला की चरमराई सफाई व्यवस्था पर विधायक व्यास कश्यप आक्रोशित,दो दिन में सुधार नहीं तो आंदोलन की चेतावनी

जांजगीर चांपा जिला मुख्यालय जांजगीर-नैला नगर पालिका की बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर कांग्रेस विधायक व्यास कश्यप ने नाराजगी जताई है,,नगर में जगह-जगह फैली गंदगी, सप्ताहभर से कचरा उठाव नहीं होने और बारिश के बाद खराब हुई सड़कों की स्थिति को लेकर विधायक ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की है,,विधायक ने जिला प्रशासन और नगर पालिका के अधिकारियों को दो दिन का अल्टीमेटम दिया है,,उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि दो दिन में व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे आम जनता और कांग्रेस पार्षदों के साथ आंदोलन करेंगे।
विधायक व्यास कश्यप का आरोप है कि जांजगीर नैला नगर पालिका इन दिनों भगवान भरोसे चल रही है। नगर के कई वार्डों के साथ मुख्य मार्गों पर भी कचरा पड़ा हुआ है। लंबे समय से कचरा उठाव नहीं होने के कारण जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए हैं। इससे लोगों को गंदगी के साथ-साथ बदबू की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराने से लोगों में भी नाराजगी बढ़ती जा रही है।
विधायक ने कलेक्टर को दिए ज्ञापन में नगर की सड़कों की मरम्मत कराने और सड़क किनारे तथा वार्डों में जमा कचरे का तत्काल उठाव कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय होने के बावजूद शहर की ऐसी हालत चिंता का विषय है। आम लोगों को रोजाना गंदगी और खराब सड़कों के बीच से गुजरना पड़ रहा है। व्यास कश्यप ने कहा कि नगरीय निकाय और पीडब्ल्यूडी मंत्री के प्रवास के दौरान बारिश से खराब हुई सड़कों की मरम्मत के निर्देश दिए गए थे। लेकिन उनके अनुसार, मंत्री के निर्देश के बाद भी सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ और इसी दौरान शहर में कचरा उठाव की व्यवस्था भी बंद हो गई। अब सड़कों के किनारे ही नहीं, बल्कि कई जगह सड़क के बीच में भी कचरा जमा होने लगा है। व्यास कश्यप कहा कि कचरा कई दिनों तक पड़े रहने के कारण बदबू फैल रही है और लोगों को परेशानी हो रही है। जिला मुख्यालय की इस स्थिति को लेकर जनता अपने जनप्रतिनिधियों से उम्मीद कर रही है। ऐसे में प्रशासन को तत्काल व्यवस्था सुधारने की जरूरत है। विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दो दिन के भीतर सफाई और कचरा उठाव की व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो वे स्वयं ट्रैक्टर लेकर आम जनता और कांग्रेस पार्षदों के साथ नगर में जमा कचरा उठाएंगे। इसके बाद यह कचरा नगर पालिका परिसर और कलेक्टर कार्यालय परिसर में लाकर छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके बाद होने वाले विरोध-प्रदर्शन के लिए शासन और प्रशासन जिम्मेदार होगा। इधर नगर पालिका की स्थिति को लेकर अधिकारियों से जानकारी लेने का प्रयास किया गया। नगर पालिका के सीएमओ के छुट्टी पर होने की जानकारी सामने आई। फिलहाल नगर पालिका की व्यवस्था प्रभारी सीएमओ के भरोसे संचालित होने की बात कही जा रही है। सफाई व्यवस्था कब तक सामान्य होगी, इसे लेकर अभी स्पष्ट स्थिति सामने नहीं आई है।
विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि नगर की जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका और प्रशासन की जिम्मेदारी है। सफाई, कचरा उठाव और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए लोगों को आंदोलन करने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने दो दिन में व्यवस्था सुधारने की मांग दोहराते हुए कहा कि इसके बाद कांग्रेस जनता के साथ सड़क पर उतरकर विरोध करेगी।



