कलेक्टर के निजी सहायक पर महिला कर्मचारी के गंभीर आरोप,दुर्व्यवहार और पदोन्नति रोकने की शिकायत से कलेक्ट्रेट में हड़कंप

धमतरी जिला में कलेक्ट्रेट में पदस्थ एक महिला स्टेनोटायपिस्ट ने कलेक्टर के निजी सहायक धनेश कुमार साहू के खिलाफ गंभीर शिकायत की है। महिला कर्मचारी ने निजी सहायक पर कथित दुर्व्यवहार, मानसिक प्रताड़ना, अनुचित व्यवहार और उसकी पदोन्नति में बाधा डालने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत सामने आने के बाद कलेक्ट्रेट के कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार, प्रशासन शिकायत की जांच कराने की तैयारी में है। बताया जा रहा है कि महिला कर्मचारी ने अपने शिकायत आवेदन में कहा है कि कलेक्टर के निजी सहायक द्वारा उसे कई बार छुट्टी के दिनों में अर्जेंट काम का हवाला देकर कार्यालय बुलाया जाता था। महिला का आरोप है कि ऐसे समय में उसे कार्यालय में अकेले बुलाकर कथित तौर पर अनर्गल और अनुचित बातें की जाती थीं। इस व्यवहार के कारण उसे मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महिला कर्मचारी ने अपनी शिकायत में अपनी पदोन्नति को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसके अनुसार, स्टेनोग्राफर-3 के पद पर उसकी पदोन्नति में अड़चन डालने का प्रयास किया जा रहा है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि उसके संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों के सामने आपत्तिजनक बातें कही गईं, जिससे उसकी पदोन्नति प्रभावित हो सके।
महिला कर्मचारी ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही कार्यस्थल पर सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने की मांग की गई है। महिला ने पुलिस में FIR दर्ज कराने की अनुशंसा किए जाने की मांग भी रखी है। बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता महिला कर्मचारी के पति भी धमतरी जिले में राजस्व निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। ऐसे में कलेक्ट्रेट से जुड़ा यह मामला प्रशासन के लिए भी संवेदनशील माना जा रहा है। वहीं, सूत्रों के मुताबिक कलेक्टर के निजी सहायक धनेश कुमार साहू पर इससे पहले भी गंभीर आरोप लग चुके हैं। आरोप है कि कलेक्टर का निजी सहायक होने का प्रभाव दिखाकर जिले के अधीनस्थ अधिकारियों को कथित तौर पर डराया-धमकाया जाता था और उनसे पैसे की मांग की जाती थी। हालांकि इन पुराने आरोपों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। इसी वजह से अब महिला कर्मचारी की नई शिकायत के बाद एक बार फिर निजी सहायक की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि पुराने और वर्तमान दोनों मामलों में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। फिलहाल पूरे मामले में प्रशासन की ओर से आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। सूत्रों की मानें तो शिकायत की गंभीरता को देखते हुए विभागीय स्तर पर जांच कराई जा सकती है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि महिला कर्मचारी द्वारा लगाए गए आरोप कितने सही हैं और मामले में जिम्मेदारी किसकी बनती है।



