No Slide Found In Slider.
राज्य एवं शहर

डिजिटल अरेस्ट के नाम से घबराएं नहीं,थोड़ी सावधानी से साइबर ठगी से बच सकते हैं

शक्ति जिले के जैजैपुर ब्लॉक के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परसाडीह में साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव को लेकर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण दिल्ली और छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर-चांपा के मार्गदर्शन में नालसा साइबर अपराध पीड़ितों की सहायता और धोखाधड़ी से ठगे गए पैसे की रिकवरी योजना 2026 के तहत आयोजित किया गया।


कार्यक्रम में अधिकार मित्र लक्ष्मी प्रसाद जायसवाल ने छात्र-छात्राओं और उपस्थित लोगों को बढ़ते साइबर अपराध के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी लगातार ठगी के नए तरीके अपना रहे हैं। थोड़ी सी सावधानी लोगों को बड़ी आर्थिक और मानसिक परेशानी से बचा सकती है।
उन्होंने बताया कि ठग बैंक, सरकारी विभाग या बड़ी कंपनियों के अधिकारी बनकर फर्जी कॉल, ईमेल और मैसेज भेजते हैं। इसके बाद लिंक पर क्लिक करवाकर या ओटीपी और बैंक संबंधी जानकारी मांगकर खाते से पैसे निकाल लेते हैं। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड या बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।


लक्ष्मी प्रसाद जायसवाल ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर होने वाली ठगी को लेकर भी लोगों को सावधान किया। उन्होंने बताया कि साइबर ठग पुलिस, सीबीआई, कस्टमर केयर या अन्य अधिकारी बनकर फोन करते हैं और मनी लॉन्ड्रिंग, ड्रग्स या किसी अन्य मामले में फंसाने की धमकी देकर डराते हैं। इसके बाद डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर पैसे की मांग की जाती है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत संबंधित विभाग और पुलिस से संपर्क करना चाहिए।
उन्होंने फर्जी नौकरी, लॉटरी और इनाम के नाम पर होने वाली ठगी से बचने की भी सलाह दी। इसके अलावा फर्जी कस्टमर केयर नंबर से सावधान रहने, किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में कोई ऐप डाउनलोड नहीं करने और किसी को रिमोट एक्सेस नहीं देने की बात कही। कम समय में ज्यादा मुनाफा देने वाली फर्जी निवेश योजनाओं, सिम कार्ड की धोखाधड़ी और एपीके फाइल के जरिए होने वाले साइबर फ्रॉड से भी सावधान रहने की जानकारी दी गई। अधिकार मित्र भगवती भारद्वाज ने साइबर फ्रॉड से बचने के लिए जरूरी सावधानियां बताईं। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी शेयर नहीं करना चाहिए और संदिग्ध लिंक, ईमेल या मैसेज पर क्लिक करने से बचना चाहिए। सभी ऑनलाइन खातों के लिए अलग और मजबूत पासवर्ड रखने तथा जहां संभव हो वहां टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई। उन्होंने मोबाइल का सॉफ्टवेयर समय-समय पर अपडेट करने और ऐप केवल आधिकारिक प्ले स्टोर या एप स्टोर से ही डाउनलोड करने की बात कही। सार्वजनिक वाई-फाई का इस्तेमाल करते समय बैंकिंग या अन्य संवेदनशील काम नहीं करने की सलाह भी दी गई। अचानक बड़ा इनाम मिलने या कम समय में ज्यादा पैसा कमाने का लालच देने वाले कॉल और मैसेज से सावधान रहने को कहा गया। साइबर ठगी होने की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करने, साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने और अपने बैंक या पेमेंट सर्विस प्रोवाइडर को तत्काल जानकारी देने की सलाह दी गई। साथ ही नजदीकी पुलिस थाना या साइबर सेल में भी शिकायत करने को कहा गया। कार्यक्रम में विद्यालय के धनीराम साहू, लखन लाल, अजय कुमार टंडन, लकेश्वर कुमार बंजारे, सुनीता चंद्रा, राजकमल, द्वास राम कश्यप, वीरेंद्र कुमार निराला, सुमन जांगड़े, अशोक चौहान सहित विद्यालय के व्याख्याता, छात्र-छात्राएं और अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!