No Slide Found In Slider.
रायपुर

भंडारपुरी धाम पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, 29 करोड़ के सड़क कार्यों का भूमिपूजन

भंडारपुरी में 40 स्थानों पर बनेंगे लकड़ी के जैतखाम, मुख्यमंत्री ने की घोषणा

स्कूल भवनों से लेकर नगर पंचायत कार्यालय तक, विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपए देने का ऐलान

बाबा गुरु घासीदास के संदेश ‘मनखे-मनखे एक समान’ को अपनाएं, सामाजिक समरसता पर मुख्यमंत्री का जोर

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आरंग विकासखंड के भंडारपुरी धाम में आयोजित गुरु दर्शन एवं संत समागम मेले में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गुरुगद्दी आसन के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लगभग 29 करोड़ रुपए की लागत वाले तीन सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। साथ ही चार विकास कार्यों की घोषणा करते हुए अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापित करने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी ने सत्य, अहिंसा, करुणा, समानता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया है। उनका संदेश ‘मनखे-मनखे एक समान’ आज भी पूरे समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम और सद्भाव के साथ रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बाबा गुरु घासीदास जी के बताए मार्ग पर चलते हुए सभी वर्गों के सम्मान, सशक्तीकरण और विकास के लिए काम कर रही है।

29 करोड़ रुपए के सड़क कार्यों का भूमिपूजन

मुख्यमंत्री ने कुल 28 करोड़ 96 लाख 82 हजार रुपए की लागत वाले तीन सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें 8 करोड़ 31 लाख 5 हजार रुपए की लागत से मोहंदी-अड़सेना मार्ग के 4 किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण, 3 करोड़ 30 लाख 78 हजार रुपए की लागत से नरदहा में 2 किलोमीटर लंबे आंतरिक मार्ग का निर्माण तथा 17 करोड़ 34 लाख 99 हजार रुपए की लागत से 29 किलोमीटर लंबे छतौना-दरबा-कूटेसर-बड़गांव-कुंडा-नारा-लखौली मार्ग का डामर नवीनीकरण शामिल है। इन कार्यों से क्षेत्र में आवागमन आसान होगा और गांवों के बीच सड़क संपर्क बेहतर होगा।

चार विकास कार्यों के लिए राशि देने की घोषणा

मुख्यमंत्री ने तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की मांग पर चार निर्माण कार्यों के लिए राशि देने की घोषणा की। ग्राम पंचायत खमतराई में हाई स्कूल भवन के लिए 75 लाख रुपए, आरंग के ओड़का में नवीन प्राथमिक शाला भवन के लिए 30 लाख रुपए, मंदिर हसौद के पीएम श्री स्कूल में विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए 1 करोड़ रुपए और चंदखुरी में नगर पंचायत कार्यालय के नए भवन के लिए 85 लाख रुपए देने की घोषणा की गई। इसके अलावा अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापित किए जाएंगे।

युवाओं की शिक्षा और समाज के विकास पर जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि सतनामी समाज के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बेहतर अवसर देने के लिए दिल्ली स्थित कोचिंग संस्था में सीटों की संख्या 100 से बढ़ाकर 200 कर दी गई है। उन्होंने भंडारपुरी में मोती महल के भूमिपूजन का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार समाज की आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े स्थलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू, राजिम विधायक रोहित साहू, सतनामी समाज के धर्मगुरु बालदास साहेब सहित जनप्रतिनिधि, संतगण और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!