कलेक्टर ने ली समय-सीमा की बैठक,धान खरीदी और राज्योत्सव की तैयारियों की समीक्षा

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का सही निराकरण करें अधिकारी, कलेक्टर ने दिए निर्देश
2 नवंबर को होगा जिला स्तरीय राज्योत्सव, तैयारियों में न हो लापरवाही
धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा का रखें ध्यान, समय पर पूरी करें तैयारी
जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में चल रहे विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों और आगामी धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आम लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में मिली शिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। शिकायत बंद करने से पहले यह सुनिश्चित करें कि संबंधित नागरिक की समस्या वास्तव में दूर हो गई है। इसके लिए शिकायतकर्ता से स्वयं बात कर उसकी संतुष्टि की जानकारी भी लें।
बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय राज्योत्सव की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। इस बार कार्यक्रम की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। कलेक्टर ने विभागीय स्टॉल, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मंच, पेयजल, बैठक व्यवस्था, बिजली, आवागमन और पार्किंग की व्यवस्था समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही 1 से 3 नवंबर तक सभी शासकीय भवनों में रात के समय रोशनी करने को कहा।
धान खरीदी की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने खरीदी केंद्रों में बारदाना, तौल कांटा, नमी मापक यंत्र और किसानों के लिए पेयजल व छाया की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी पारदर्शी तरीके से हो और किसानों को किसी तरह की परेशानी न आए।
उन्होंने पीव्ही ऐप में धान वाले खसरों के पॉलीगॉन निर्माण और डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों को प्रत्येक गांव में अधिक से अधिक सर्वेयर नियुक्त करने, किसानों के मोबाइल नंबर सहित धान वाले खसरों की सूची का प्रचार-प्रसार करने और बाकी डिजिटल क्रॉप सर्वे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेंशन योजनाओं, राशनकार्ड, चावल महोत्सव और मिशन अमृत की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाने और लंबित समस्याओं का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने को कहा।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, अपर कलेक्टर प्रमोद कुमार गुप्ता, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



