छत्तीसगढ़ में पहली बार भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 सीरीज, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पहली बार भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला का आयोजन किया गया। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित इस ऐतिहासिक श्रृंखला के तीसरे मुकाबले को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी देखा। उन्होंने दोनों टीमों की खिलाड़ियों का स्वागत किया और उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं।
https://www.instagram.com/reel/DevhYqXq5M_/?psln=cWtzcHppZjF1MHd0
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैचों का आयोजन प्रदेश के लिए गर्व की बात है। इससे राज्य की बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि महिला खिलाड़ी अपनी मेहनत और प्रतिभा से देश का नाम रोशन कर रही हैं और लाखों बेटियों के लिए प्रेरणा बन रही हैं।

इस श्रृंखला के दौरान महिलाओं और बालिकाओं के लिए स्टेडियम में निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था भी की गई, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय महिला खिलाड़ियों को खेलते हुए देख सकें और खेलों के प्रति उनका उत्साह बढ़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में खेल सुविधाओं का विस्तार करने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण व अवसर देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। नवा रायपुर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पहले भी कई बड़े क्रिकेट मुकाबले आयोजित हो चुके हैं। अब महिला टी-20 श्रृंखला के आयोजन से छत्तीसगढ़ की खेल जगत में पहचान और मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों से प्रदेश में पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन और स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलता है। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं। सरकार का प्रयास है कि नवा रायपुर को देश के प्रमुख खेल और आयोजन केंद्रों में शामिल किया जाए।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 श्रृंखला छत्तीसगढ़ की बेटियों को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगी और प्रदेश के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में याद की जाएगी।



