No Slide Found In Slider.
छत्तीसगढ़

गौरेला में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर प्रशासन सख्त, पनीर असुरक्षित मिलने पर कार्रवाई; फॉर्च्यून मैदा के एक बैच की बिक्री पर रोक

खाद्य प्रतिष्ठानों में लगातार जांच, मैगी-साबूदाना समेत कई खाद्य पदार्थों के लिए गए सैंपल; कारोबारियों को गुणवत्ता और साफ-सफाई का पालन करने के निर्देश

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने जांच तेज कर दी है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम लगातार खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही है और अलग-अलग खाद्य सामग्री के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। जांच में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

 


इसी कार्रवाई के दौरान गौरेला में पनीर का एक नमूना जांच में असुरक्षित पाया गया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने पनीर का सैंपल लेकर प्रयोगशाला भेजा था। जांच रिपोर्ट में पनीर में वेजिटेबल फैट की मात्रा निर्धारित सीमा से 77 प्रतिशत अधिक पाई गई। इसके बाद खाद्य विश्लेषक ने इसे असुरक्षित घोषित किया है। मामले में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वहीं फॉर्च्यून मैदा के बैच नंबर FAMD50059A की बिक्री और वितरण पर जिले में तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने संबंधित खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिया है कि प्रतिबंधित बैच के मैदा की बिक्री या वितरण न करें और खाद्य सुरक्षा के सभी निर्धारित नियमों का पालन करें।
प्रशासन की टीम ने जिले के अलग-अलग खाद्य प्रतिष्ठानों में भी जांच की। इस दौरान गृहस्थी सुपर बाजार से मैगी और साबूदाना, जबकि 786 बिरयानी सेंटर और हरी कन्फेक्शनरी से विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए हैं। इन सभी सैंपलों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद गुणवत्ता के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सामग्री के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के दौरान साफ-सफाई और गुणवत्ता के नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच में अमानक या असुरक्षित खाद्य सामग्री मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही आम लोगों से भी खाद्य सामग्री खरीदते समय सावधानी बरतने की अपील की गई है। लोगों को सामान खरीदने से पहले निर्माण और एक्सपायरी डेट, पैकेजिंग, लेबल और गुणवत्ता संबंधी जानकारी जरूर देखने की सलाह दी गई है। संदिग्ध या खराब पैकेजिंग वाले खाद्य पदार्थों को खरीदने और खाने से बचने को कहा गया है।
प्रशासन के मुताबिक जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और खाद्य पदार्थों के सैंपल लेने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!