विधायक की फटकार के बाद जागा नगर प्रशासन,भीमा तालाब की सफाई शुरू

जांजगीर। शहर के ऐतिहासिक भीमा तालाब में लंबे समय से फैली गंदगी, बदबू और खराब जल गुणवत्ता की शिकायत के बाद आखिरकार नगर प्रशासन हरकत में आया है। तालाब की बदहाल स्थिति को लेकर जांजगीर विधायक ब्यास कश्यप ने कांग्रेस पार्षदों के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान तालाब परिसर में जगह-जगह फैली गंदगी और सफाई व्यवस्था में लापरवाही देखकर विधायक ने नगरपालिका के जिम्मेदार अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए
निरीक्षण के बाद विधायक ब्यास कश्यप कांग्रेस पार्षदों के साथ कलेक्टर से मिले। उन्होंने भीमा तालाब की स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि तालाब में गंदगी के कारण आसपास के लोगों को बदबू का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही पानी की गुणवत्ता को लेकर भी लोगों में चिंता है। विधायक ने तालाब की सफाई के साथ पानी को साफ रखने और दुर्गंध की समस्या दूर करने के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की।मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने नगरपालिका सीएमओ और संबंधित इंजीनियरों को भीमा तालाब की स्थिति सुधारने के लिए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देश के बाद नगरपालिका की टीम तालाब की सफाई में जुट गई।

नगरपालिका कर्मचारियों ने तालाब के आसपास जमा कचरे और गंदगी की सफाई शुरू की। इसके साथ ही तालाब के पानी और आसपास के परिसर में चूना, ब्लीचिंग पाउडर और पोटाश का छिड़काव कराया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि तालाब में फैली बदबू और गंदगी की समस्या से राहत मिलेगी।भीमा तालाब जांजगीर शहर की ऐतिहासिक पहचान माना जाता है। यहां आसपास के लोग नियमित रूप से पहुंचते हैं और यह शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों में शामिल है। ऐसे में तालाब में गंदगी और खराब पानी को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। लोगों का कहना है कि केवल एक बार सफाई करने के बजाय नगर पालिका को तालाब की नियमित सफाई और पानी की गुणवत्ता की निगरानी करनी चाहिए, ताकि दोबारा ऐसी स्थिति न बने।विधायक ब्यास कश्यप ने कहा कि शहर की ऐतिहासिक धरोहर और सार्वजनिक स्थलों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन और नगर पालिका की जिम्मेदारी है। उन्होंने तालाब की सफाई व्यवस्था को लगातार बनाए रखने और जल गुणवत्ता पर भी ध्यान देने की बात कही।




