No Slide Found In Slider.
राज्य एवं शहर

टीबी उन्मूलन के लिए जांजगीर में,जोश,अभियान शुरू,मरीजों को बांटी गई फूड किट,टीबी मुक्त पंचायतों के प्रतिनिधि सम्मानित

जांजगीर-चांपा। जिले में टीबी उन्मूलन को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर ‘जोश’ यानी जॉइंट स्क्वाड फॉर हेल्थ अभियान की शुरुआत की गई। नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने इस अभियान का राष्ट्रीय शुभारंभ किया, जिसका वर्चुअल प्रसारण जांजगीर जिला पंचायत के सभाकक्ष में किया गया। कार्यक्रम में सांसद कमलेश जांगड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।


‘जोश’ अभियान के तहत युवाओं, एनसीसी कैडेट्स, स्वयंसेवकों और शासकीय अधिकारियों की टीमें तैयार की गई हैं। ये टीमें गांव और शहर के लोगों के बीच पहुंचकर टीबी के लक्षण, बचाव, जांच और उपचार की जानकारी देंगी। लोगों को यह भी बताया जाएगा कि टीबी का इलाज संभव है और समय पर जांच कराने के बाद नियमित रूप से दवा लेने से मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो सकता है।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद कमलेश जांगड़े ने कहा कि टीबी को खत्म करने के लिए सिर्फ स्वास्थ्य विभाग के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। इसके लिए समाज के हर व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि टीबी के लक्षणों की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए, ताकि लक्षण दिखाई देने पर लोग बिना डर और झिझक के जांच और इलाज के लिए आगे आएं।


उन्होंने कहा कि टीबी को लेकर आज भी कई तरह की गलत धारणाएं और भ्रम लोगों के बीच हैं। जागरूकता के माध्यम से इन भ्रांतियों को दूर करना जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे टीबी के मरीजों से भेदभाव न करें, बल्कि उन्हें इलाज पूरा करने के लिए सहयोग और हौसला दें।

जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता आनंद मिरी ने कहा कि टीबी मुक्त समाज बनाने के लिए अभियान को जनअभियान का रूप देना होगा। गांव के प्रत्येक व्यक्ति को टीबी के लक्षण, जांच और उपचार की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समय पर इलाज के साथ मरीज को सामाजिक और भावनात्मक सहयोग देना भी जरूरी है,जिला पंचायत सदस्य आशा साव ने कहा कि ‘जोश’ अभियान के माध्यम से टीबी के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने का काम किया जाएगा। टीमों के सदस्य लोगों को बीमारी के लक्षणों और बचाव के साथ समय पर जांच और नियमित उपचार के बारे में जानकारी देंगे। उन्होंने लोगों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान टीबी मरीजों के इलाज के साथ उनके पोषण पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही गई। इस दौरान टीबी मरीजों को पोषण सहयोग के रूप में फूड किट वितरित की गई। वहीं अपनी पंचायतों को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में बेहतर काम करने वाले पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया गया।अधिकारियों ने बताया कि टीबी को खत्म करने के लिए लोगों का समय पर जांच कराना और डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवा का पूरा कोर्स करना बेहद जरूरी है। अभियान के जरिए लोगों को लगातार जागरूक किया जाएगा, ताकि बीमारी की पहचान शुरुआती स्तर पर हो सके और संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य महादेव नेताम, संतोषी रात्रे, जनपद पंचायत बम्हनीडीह सदस्य अमिता लहरे, जिला पंचायत सीईओ विनय पोयाम, सीएमएचओ डॉ. अनीता श्रीवास्तव, डीपीएम उत्कर्ष तिवारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स और माय भारत के वालंटियर मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!