जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू गिरफ्तार,मारपीट और धमकी देने का मामला फिर मुचलका पर रिहा

जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू गिरफ्तार,मारपीट और धमकी देने का मामला फिर मुचलका पर रिहा

चाम्पा पुलिस ने मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में जैजैपुर से कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू को गिरफ्तार कर लिया है,हालांकि, मामला जमानती होने के कारण उन्हें मुचलका भरने के बाद रिहा कर दिया गया।
इस पूरे मामले की जानकारी पुलिस ने छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष को भी भेज दी है।
डीएसपी कविता ठाकुर ने बताया कि 10 जून को चंद्रशेखर राठौर, निवासी शंकर नगर चाम्पा,ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी,उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक बालेश्वर साहू ने अपने मकान निर्माण के दौरान न सिर्फ अपनी जमीन का इस्तेमाल किया, बल्कि पड़ोसी की जमीन में भी एसी की आउटर यूनिट और किचन की चिमनी लगा दी,जब चंद्रशेखर राठौर और उनके परिजनों ने इसका विरोध किया तो विधायक ने कथित रूप से गाली-गलौच की, दबंगई दिखाई और राठौर के जीजा के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी,इतना ही नहीं, परिजन जब इसका वीडियो बना रहे थे,तो उनका मोबाइल छीनकर रिकॉर्डिंग डिलीट करने का भी आरोप है,पुलिस ने विधायक के खिलाफ BNS की धाराओं 329(4), 296, 352(2), 115(2)(b) के तहत मामला दर्ज किया। जांच में आरोप सही पाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया,लेकिन मामला जमानती होने की वजह से रिहा भी कर दिया गया,विधानसभा सदस्य होने के कारण पुलिस ने विधायक की गिरफ्तारी की सूचना छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष को भी भेज दी है।



