छत्तीसगढ़

तहसीलदार के चेंबर में महिला ने खाया जहर , तहसील कार्यालय में मची अफरातफरी

धमतरी। जिले के तहसील कार्यालय में शुक्रवार को एक महिला ने तहसीलदार के चेंबर में ही जहर का सेवन कर लिया। घटना के बाद कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और तत्काल महिला को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, जहर सेवन करने वाली महिला का नाम रानी दुलानी है, जो धमतरी शहर के पंचवटी कॉलोनी में निवास करती हैं। रानी दुलानी के पति ने कुछ वर्ष पूर्व घर बनाने के लिए बैंक से लोन लिया था। परिवार का जीवन सामान्य रूप से चल रहा था लेकिन अचानक पति की तबीयत बिगड़ी और उनकी मौत हो गई। पति की मृत्यु के बाद से ही परिवार आर्थिक संकट में फंस गया।

घर का लोन अदा न हो पाने की स्थिति में मामला सिविल कोर्ट तक पहुंचा। कोर्ट ने बकाया राशि की वसूली के लिए घर को कुर्क करने का आदेश पारित कर दिया। इस आदेश के बाद से ही महिला मानसिक दबाव में थी। शुक्रवार को वह अपनी व्यथा लेकर तहसील कार्यालय पहुंची थी। बताया जा रहा है कि जब वह तहसीलदार से अपनी समस्या लेकर चर्चा कर रही थी, तभी अचानक उसने अपनी जेब से जहर की शीशी निकालकर सेवन कर लिया।

महिला की इस हरकत से तहसील कार्यालय में उपस्थित अधिकारी और कर्मचारी सन्न रह गए। तुरंत ही मौजूद स्टाफ ने महिला को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और चिकित्सक उसका इलाज कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है कि महिला ने किन परिस्थितियों में इतना बड़ा कदम उठाया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!