राज्य एवं शहर

जांजगीर-चांपा में अग्नि सुरक्षा सप्ताह की शुरुआत,शहर में निकली जागरूकता रैली

जांजगीर चांपा में नगर सेना,अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं की ओर से 14 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 तक अग्नि सुरक्षा सेवा सप्ताह मनाया जा रहा है। इस विशेष सप्ताह की शुरुआत पहले दिन शहीद अग्निवीरों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने अग्निशमन सेवा में अपनी जान गंवाने वाले वीरों को याद किया और उनके योगदान को नमन किया।
इसके बाद जिले में तैनात फायर फाइटर्स को उनके दायित्वों और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई,,अधिकारियों ने उन्हें आपातकालीन स्थिति में तत्परता, सावधानी और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी दुर्घटना में जान-माल का नुकसान कम से कम हो सके।
इसी क्रम में शहर में एक जागरूकता रैली भी निकाली गई। यह रैली नगर सेना एवं अग्निशमन कार्यालय जांजगीर से शुरू होकर कचहरी चौक, पेण्ड्री मार्ग और हाइवे रोड से होते हुए वापस कार्यालय पहुंचकर समाप्त हुई। रैली के दौरान फायर कर्मचारियों और नगर सैनिकों ने लोगों को आग से बचाव और सुरक्षा के उपायों के बारे में जागरूक किया।


रैली में बैनर और पोस्टर के माध्यम से आम लोगों को संदेश दिया गया कि छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर बड़ी घटनाओं से बचा जा सकता है। लोगों को गैस, बिजली और अन्य ज्वलनशील वस्तुओं के उपयोग में सतर्क रहने की सलाह दी गई।इस कार्यक्रम में जिला सेनानी, अग्निशमन अधिकारी, फायर ब्रिगेड के कर्मचारी और बड़ी संख्या में नगर सैनिक शामिल हुए। पूरे आयोजन का मुख्य उद्देश्य आम जनता को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और आपदा के समय सही कदम उठाने के लिए तैयार करना रहा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!