अवैध रेत कारोबार पर सख्त हुए एसपी,नवागढ़ थाना प्रभारी बदले,क्विक रिस्पॉन्स टीम गठित

जांजगीर चांपा जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर लगाम लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है,,जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने निरीक्षक से लेकर सहायक उप निरीक्षक स्तर तक कई पुलिस अधिकारियों का तबादला किया है,,साथ ही रेत के अवैध कारोबार पर नजर रखने के लिए जिले में नई क्विक रिस्पॉन्स टीम का गठन भी किया गया है,,


पुलिस विभाग से जारी आदेश के मुताबिक नवागढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार शेंडे को हटाकर लाइन अटैच कर दिया गया है,,उनकी जगह निरीक्षक मणि कान्त पांडे को नवागढ़ थाना का नया प्रभारी बनाया गया है,,वहीं सहायक उप निरीक्षक सियाराम यादव को नवागढ़ थाना से बम्हनीडीह थाना भेजा गया है,,बताया जा रहा है कि जिले में लगातार मिल रही अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई है,,पुलिस अधीक्षक ने साफ संकेत दिए हैं कि अब रेत माफियाओं के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई होगी और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी,,इसी को देखते हुए एसपी ने जिले में एक विशेष क्विक रिस्पॉन्स टीम का गठन किया है,,इस टीम में एक प्रधान आरक्षक सहित छह आरक्षकों को शामिल किया गया है,,टीम का मुख्य काम रेत के अवैध कारोबार पर निगरानी रखना और शिकायत मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करना होगा,,पुलिस अब तकनीक का भी सहारा लेने जा रही है,,जिले के अलग-अलग संवेदनशील इलाकों और रेत घाटों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखी जाएगी,,कैमरों की मदद से अवैध रेत परिवहन करने वाले वाहनों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी,,पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इससे अवैध कारोबार पर काफी हद तक रोक लगाने में मदद मिलेगी,,जिले में हुए इस बड़े फेरबदल और नई टीम के गठन के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।



