जांजगीर में मेडिकल कॉलेज की मंजूरी का स्वागत, नागरिक मंच ने मिठाई बांटकर जताई खुशी

जांजगीर-चांपा। जिले में शासकीय मेडिकल कॉलेज को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) से 50 एमबीबीएस सीटों की स्वीकृति मिलने पर जांजगीर में खुशी का माहौल देखने को मिला। नागरिक मंच के कार्यकर्ताओं ने अटल चौक पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया, मिठाइयां बांटी और सरकार के फैसले का स्वागत किया।
नागरिक मंच के संयोजक प्रशांत सिंह ठाकुर ने कहा कि जांजगीर-चांपा सहित प्रदेश के पांच नए शासकीय मेडिकल कॉलेजों को मिली मंजूरी छत्तीसगढ़ के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे जिले के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में एमबीबीएस की पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा और आने वाले समय में विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी। साथ ही जिले की स्वास्थ्य सेवाएं भी मजबूत होंगी।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज शुरू होने से स्थानीय लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। यह निर्णय सरकार की दूरदर्शी सोच और चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
नागरिक मंच ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया। मंच के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि मेडिकल कॉलेज शुरू होने से जांजगीर-चांपा ही नहीं, पूरे क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था और चिकित्सा शिक्षा को नया आयाम मिलेगा।
इस अवसर पर अटल चौक में कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई और सरकार के समर्थन में नारे लगाए। कार्यक्रम में प्रशांत सिंह ठाकुर, पंकज अग्रवाल, चमन शिव सिंह, अनुराग तिवारी, अभिमन्यु राठौर, राहुल सेन, दिव्यांश चंदेल, दिनेश राठौर, राकेश राठौर, प्रदीप सोनी, सूर्यप्रताप सिंह, सुरेंद्र यादव, सोनू यादव, हेमंत पैगवार, योगेश राणा, लक्ष्मी जायसवाल, प्रकाश तलवानी, राहुल यादव, आशीष पैगवार, आकाश ताम्रकार, कन्हैया सूर्यवंशी, सतीश पैगवार सहित बड़ी संख्या में नागरिक मंच के कार्यकर्ता मौजूद रहे।



