हाईवे पर लूट करने वाले 2 बदमाश 24 घंटे में गिरफ्तार, चाकू दिखाकर राहगीरों से लूट की थी वारदात

जांजगीर-चांपा जिले की सारागांव पुलिस ने हाईवे पर राहगीरों से लूट करने वाले दो आरोपियों को वारदात के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, नकदी, वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और चाकू बरामद किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक की भी संलिप्तता सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, खोखरा निवासी अशोक लाठिया अपने साथी के साथ 16 जुलाई को बढ़ई का काम करने सारागांव आया था। शाम को काम खत्म होने के बाद दोनों मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। रास्ते में एनएच-49 स्थित अंजली फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के दौरान कुछ युवक उन्हें घूरते हुए निकल गए। पेट्रोल पंप से करीब 100 मीटर आगे बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार बदमाशों ने दोनों का रास्ता रोक लिया।
आरोपियों ने चाकू से हमला कर दोनों को घायल कर दिया और उनके पास से दो मोबाइल फोन तथा 5 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। लूटी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई। घटना की रिपोर्ट पर सारागांव थाना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में थाना प्रभारी राकेश कुमार सूर्यवंशी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए डेरागढ़ निवासी महेंद्र कुमार धारिया को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और लूटा गया एक मोबाइल बरामद किया गया। वहीं दूसरे आरोपी सूर्यकांत बरेठ के कब्जे से 2 हजार रुपये नकद जब्त किए गए। मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक से एक्सट्रीम मोटरसाइकिल, चाकू और दूसरा लूटा गया मोबाइल भी बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। इस त्वरित कार्रवाई से सारागांव पुलिस ने हाईवे लूट की गुत्थी 24 घंटे के भीतर सुलझाने में सफलता हासिल की है।



