शादी का सपना दिखाकर युवाओं से साइबर ठगी, AI से लड़की बनकर करता था बात; ‘पवित्र रिश्ता डॉट कॉम’ के नाम पर 8 जिलों में फैलाया जाल,दो आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपाजिले में शादी के लिए लड़की की तलाश कर रहे युवाओं को फंसाकर साइबर ठगी करने का अनोखा मामला सामने आया है। आरोपी ‘पवित्र रिश्ता डॉट कॉम’ के नाम से फ्लेक्सी बनाकर फेसबुक और वाट्सऐप के जरिए प्रचार करते थे। इसके बाद शादी के इच्छुक युवाओं से संपर्क कर उन्हें लड़की दिखाने और शादी की बातचीत कराने का झांसा दिया जाता था।
मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब जांजगीर निवासी अजय राठौर का बैंक अकाउंट अचानक होल्ड हो गया। अजय ने 8 अगस्त को साइबर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उसने पुलिस को बताया कि वह पेट्रोल पंप में काम करता है। इसी दौरान एक व्यक्ति ने अपने रिश्तेदार की तबीयत खराब होने की बात कहकर ऑनलाइन भुगतान के बदले उससे 2 हजार रुपये नगद मांगे। अजय ने मदद के तौर पर उसे रुपये दे दिए। इसके बाद उसके खाते में एक ऑनलाइन ट्रांजेक्शन हुआ और बैंक अकाउंट होल्ड हो गया।
अजय की शिकायत के बाद साइबर पुलिस ने खाते की जांच शुरू की। जांच में पता चला कि उसके खाते में ठगी की रकम ट्रांसफर की गई थी। पुलिस ने जब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं तो महासमुंद, कवर्धा, रायपुर और बालोद समेत करीब 8 जिलों के युवाओं से ठगी किए जाने का मामला सामने आया।
एडिशनल एसपी ने बताया कि आरोपी सोशल मीडिया के जरिए शादी के इच्छुक युवाओं को तलाशते थे। इसके बाद लड़की की आवाज में उनसे बातचीत कर शादी की बातें की जाती थीं। धीरे-धीरे युवाओं का भरोसा जीतने के बाद शादी से पहले जरूरत का सामान खरीदने या किसी अन्य जरूरत का हवाला देकर पैसे की मांग की जाती थी। पैसे मिलने के बाद कुछ दिनों तक बातचीत जारी रहती और पकड़े जाने का डर होने पर आरोपी मोबाइल नंबर बंद कर संपर्क तोड़ देता था।जांच में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें चांपा बेलदारपारा निवासी सोनू साहू शादी के लिए लड़की दिखाने वाले बिचौलिए की भूमिका निभाता था। वहीं अमोदा गांव निवासी लक्ष्मी साहू AI, मोबाइल ऐप और ब्लूटूथ की मदद से लड़की की आवाज में युवाओं से बातचीत करता था। शादी की मीठी-मीठी बातों में युवाओं को उलझाकर उनसे पैसे लिए जाते थे।पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। फिलहाल पुलिस इस मामले में सामने आए अन्य पीड़ितों और ठगी की रकम से जुड़े बैंक खातों की जांच कर रही है।



