बम्हनीडीह में 13 सितंबर से गूंजेगी अनिरुद्धाचार्य महाराज की भागवत कथा, 7 दिनों तक चलेगा धार्मिक आयोजन

जांजगीर-चाम्पा। बम्हनीडीह में जयपुरिया परिवार की ओर से पितृमोक्षार्थ गया श्राद्ध के तहत 13 से 19 सितंबर 2026 तक सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। कथा का आयोजन बिर्रा रोड स्थित कथा स्थल पर होगा, जिसमें प्रसिद्ध कथावाचक डा. श्री अनिरुद्धाचार्य महाराज श्रद्धालुओं को भागवत कथा सुनाएंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

कथा के पहले दिन 13 सितंबर को सुबह 10 बजे भव्य कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक भागवत कथा होगी। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण सहित विभिन्न धार्मिक प्रसंगों पर आधारित भव्य झांकियां और भजन-संगीत भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
महाराज से सीधे सवाल पूछ सकेंगे श्रद्धालु
इस आयोजन का खास आकर्षण अनिरुद्धाचार्य महाराज का विशेष प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम रहेगा। कथा समाप्त होने के बाद शाम 6 से 7 बजे तक श्रद्धालु महाराज से सीधे सवाल पूछ सकेंगे और उनके सरल व ज्ञानवर्धक जवाब सुन सकेंगे।
सात दिनों में होंगे अलग-अलग धार्मिक प्रसंग
13 सितंबर को भागवत माहात्म्य और शुकदेव आगमन, 14 को ध्रुव चरित्र, 15 को प्रह्लाद चरित्र और गजेंद्र मोक्ष, 16 को वामन अवतार व श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, 17 को बाललीला, माखन चोरी, गोवर्धन पूजा और छप्पन भोग, 18 को रुक्मणी विवाह व सुदामा चरित्र और 19 सितंबर को अंतिम धार्मिक प्रसंगों के साथ कथा का समापन होगा।
दूर-दराज के श्रद्धालुओं के लिए कथा का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार श्रद्धालु घर बैठे कथा, प्रवचन और भजन-संगीत से जुड़ सकेंगे।जयपुरिया परिवार ने बम्हनीडीह सहित आसपास के गांवों और नगरों के धर्मप्रेमी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा का लाभ लेने की अपील की है।



