राज्य एवं शहर

जांजगीर-चांपा में कलेक्टर और एसपी की बड़ी बैठक, अवैध नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश

जांजगीर-चांपा में कलेक्टर और एसपी की बड़ी बैठक, अवैध नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश

जांजगीर-चांपा जिले में नशीली दवाओं और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार को रोकने के लिए कलेक्टर डॉ. जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय ने जिला स्तरीय समन्वय समिति (NCORD) की अहम बैठक ली। बैठक में नशे के खिलाफ सख्त कदम उठाने और विभागों के बीच समन्वय बनाकर कार्रवाई करने की रणनीति बनाई गई।

कलेक्टर ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए खतरा है। इसे रोकने के लिए सभी विभागों को मिलकर सख्ती से काम करना होगा। उन्होंने पुलिस, औषधि, आबकारी, समाज कल्याण जैसे विभागों को आपसी तालमेल के साथ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने जिले के सभी मेडिकल स्टोर्स की नियमित जांच करने और प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पर सख्त कार्रवाई करने को कहा। मेडिकल स्टोर्स में सीसीटीवी कैमरे लगाना भी अनिवार्य किया गया है।

कलेक्टर ने स्कूल-कॉलेजों में नशा विरोधी जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। साथ ही, स्कूल परिसर के 100 मीटर के दायरे में पान गुमटी, गुटखा और सिगरेट की दुकानों को हटाने और कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई करने को कहा।

नशे की लत से पीड़ित लोगों को नशा मुक्ति केंद्र से जोड़ने और इलाज के बाद उन्हें हुनरमंद बनाकर रोजगार से जोड़ने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही सामाजिक संगठनों, युवाओं, अभिभावकों और पंचायत प्रतिनिधियों को इस अभियान में जोड़ने की बात कही गई।

पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय ने कहा कि नशीली दवाओं की तस्करी और सेवन पर सख्त नजर रखी जाए। सीमावर्ती इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाए और ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए जो इस अवैध धंधे में लिप्त हैं।

इस बैठक में जिले के तमाम वरिष्ठ अधिकारी, एसडीएम, एसडीओपी, थाना प्रभारी और अन्य संबंधित विभागों के कर्मचारी मौजूद थे। सभी ने नशे के खिलाफ मिलकर एकजुट होकर कार्रवाई करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!