चोरी के 27 लाख रुपये के आरोपी को जांजगीर-चांपा पुलिस ने पकड़ा, रायपुर की कपड़ा दुकान से की थी चोरी

चोरी के 27 लाख रुपये के आरोपी को जांजगीर-चांपा पुलिस ने पकड़ा, रायपुर की कपड़ा दुकान से की थी चोरी
जांजगीर-चांपा। अंतरजिला समन्वय और तेज कार्रवाई की मिसाल पेश करते हुए जांजगीर-चांपा जिले की बिर्रा पुलिस ने रायपुर में हुई बड़ी चोरी के आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की है। आरोपी विजय कश्यप, जो शक्ति जिले के हसौद थाना क्षेत्र के मल्दा गांव का रहने वाला है, रायपुर की एक कपड़ा दुकान से 27 लाख रुपये की चोरी करके फरार हो गया था।
जानकारी के अनुसार विजय कश्यप पहले रायपुर के माना इलाके में कपड़ा व्यापारी गुरमुख आहूजा के यहां ड्राइवर की नौकरी करता था। इस दौरान उसे दुकान में रखी नगद रकम की जानकारी हो गई थी। मौका पाकर उसने दुकान से 27 लाख रुपये चुराए और अपने गांव मल्दा भाग गया।
चोरी की सूचना 28 मई 2025 की रात को जब जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय को मिली, तो उन्होंने जिले के सभी थानों को सतर्क किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और थाना बिर्रा प्रभारी उप निरीक्षक कृष्णपाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने आरोपी के संभावित ठिकाने की पहचान की और उसी रात मल्दा गांव पहुंचकर उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के पास से 500, 200 और 100 रुपये के नोटों के बंडल बरामद किए गए हैं। चूंकि मामला रायपुर जिले का है और आरोपी शक्ति जिले का निवासी है, इसलिए कानूनी प्रक्रिया के तहत बिर्रा पुलिस ने आरोपी को हसौद थाना पुलिस को सौंपा, जिसके बाद हसौद पुलिस ने उसे रायपुर पुलिस के हवाले कर दिया।



