अकलतरा में पहुंचे राष्ट्रीय श्रमिक नेता, श्रमिकों को एकजुट रहने का किया आह्वान

अकलतरा में पहुंचे राष्ट्रीय श्रमिक नेता, श्रमिकों को एकजुट रहने का किया आह्वान

जांजगीर-चांपा।हिंद मजदूर सभा (एचएमएस) के राष्ट्रीय श्रमिक नेता और स्टील मेटल एंड इंजीनियरिंग वर्कर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (स्मेफी) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एच. एस. मिश्रा 2 दिवसीय प्रवास पर अकलतरा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने 19 अगस्त को श्रमिकों की बैठक लेकर उनकी समस्याएं सुनीं और श्रमिकों को उनके अधिकारों की जानकारी दी।

मिश्रा ने कहा कि एचएमएस यूनियन के गठन से पहले श्रमिकों की स्थिति बेहद खराब थी, लेकिन संघर्ष और एकजुटता के दम पर आज श्रमिकों को नियमित नौकरी, बीमा, यूनिफॉर्म और बच्चों के लिए स्कूल जैसी कई सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि संगठन को मजबूत बनाए रखने के लिए एकजुट रहें और संघर्ष के लिए हमेशा तैयार रहें

बैठक के दौरान श्रमिकों को इंडस्ट्री ऑल ग्लोबल यूनियन जिनेवा की ओर से भेजी गई बुकलेट, पंपलेट और किताबें भी वितरित की गईं, ताकि वे अपने अधिकारों को अच्छी तरह समझ सकें।
20 अगस्त को मिश्रा ने छत्तीसगढ़ पावर मजदूर संघ (एचएमएस यूनियन) की पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक भी ली। बैठक के बाद उन्होंने कहा कि जेएसडब्ल्यू (केएसके महानदी पावर कंपनी लिमिटेड नरियरा) में यूनियन की सक्रियता देखकर खुशी हुई। उन्होंने भू-विस्थापितों को ठेका कर्मचारी से नियमित कर्मचारी बनाने और वेतन-सुविधाओं के लिए चल रहे संघर्ष को आगे भी जारी रखने का आह्वान किया।
उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रदेश और राष्ट्रीय संगठन हर कदम पर श्रमिकों के साथ है और श्रमिकों के हक-अधिकारों के लिए संघर्षरत रहेगा। प्रवास के दौरान यूनियन अध्यक्ष विश्वनाथ साहू, कार्यवाहक अध्यक्ष शेरसिंह राय, महामंत्री बलराम गोस्वामी समेत कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।



