SBI बैंक में चोरी की कोशिश दो आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा जिले के नैला रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में चोरी की कोशिश करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपियों में एक युवक और एक नाबालिग शामिल है। दोनों को कोरबा जिले से पकड़ा गया है।
क्या है पूरा मामला
13 जून 2025 की रात को आरोपी विजय यादव और उसका नाबालिग साथी कोरबा से मोटरसाइकिल में जांजगीर पहुंचे। इन्होंने SBI बैंक की ग्रिल और शटर का ताला तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की। बैंक के अंदर रखे पैसे की तलाश की, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा, तो वापस लौट गए। बैंक बंद होने की वजह से इस बात का पता नहीं चल पाया। जब 16 जून को बैंक खुला, तब चोरी की कोशिश का खुलासा हुआ।
पुलिस की सक्रियता से मिली सफलता
बैंक प्रबंधक की रिपोर्ट पर जांजगीर थाने में मामला दर्ज किया गया। एसपी विजय कुमार पांडे और एएसपी उमेश कश्यप के निर्देशन में सायबर टीम ने त्वरित कार्रवाई की। सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद CSP कविता ठाकुर के नेतृत्व में टीम ने कोरबा जाकर घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा।
पूछताछ में विजय यादव ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। बताया कि वह और उसका साथी चोरी की नीयत से बैंक में घुसे थे। पुलिस ने घटना में उपयोग की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है, वहीं नाबालिग को किशोर न्यायालय में पेश किया गया।
पुराना अपराधी है आरोपी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी विजय यादव पहले भी कोरबा और रायगढ़ में मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में शामिल रह चुका है।



