जांजगीर में पैरालीगल वॉलिंटियर की समीक्षा और प्रशिक्षण बैठक सम्पन्न

जांजगीर-चांपा।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर-चांपा की ओर से जून 2025 के कार्यों की समीक्षा और प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस बैठक में जिले के सभी पैरालीगल वॉलिंटियर शामिल हुए। कार्यक्रम का नेतृत्व सचिव मनोज कुमार कुशवाहा ने किया।

बैठक के दौरान सचिव कुशवाहा ने पैरालीगल वॉलिंटियर्स से फील्ड में किए गए कार्यों की जानकारी ली और उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (SALSA) की योजनाओं जैसे डॉन, जागृति, संवाद, आशा आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी और इन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर ज़ोर दिया।

सचिव ने कहा कि पैरा लीगल वॉलिंटियर्स का मुख्य काम गांव-गांव जाकर लोगों को उनके अधिकारों के बारे में जानकारी देना और उन्हें जागरूक करना है। विशेष रूप से दिव्यांग जनों, लोकपाल संबंधी मामलों और निशुल्क कानूनी सहायता के बारे में लोगों को अवगत कराना बेहद जरूरी है।

उन्होंने लीगल एड डिफेंस काउंसिल, नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 और पुलिस थानों में कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी। सभी वॉलिंटियर्स से कहा गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करें और ज़रूरतमंदों को कानूनी सहायता दिलवाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से जुड़े सभी पैरालीगल वॉलिंटियर्स मौजूद रहे।



