राज्य एवं शहर

जिला जेल का औचक निरीक्षण न्यायाधीश, कलेक्टर और एसपी ने जाना बंदियों का हाल

 

जांजगीर चांपा जिले के खोखरा स्थित जिला जेल का आज औचक निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं बोर्ड ऑफ विजिटर्स द्वारा किया गया।

निरीक्षण टीम में प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष शक्ति सिंह राजपूत, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय और प्राधिकरण के सचिव मनोज कुमार कुशवाहा शामिल रहे।

 

इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, एसडीएम सुब्रत प्रधान, सहायक जेल अधीक्षक डी.डी. टोंडर, डिप्टी कलेक्टर देवेंद्र चौधरी, समाज कल्याण विभाग के उप संचालक पवन कोसमा समेत कई अधिकारी भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल के सभी बैरकों का दौरा किया और बंदियों से उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने बंदियों की रहने की व्यवस्था, खानपान, इलाज की सुविधा, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, कॉलिंग सुविधा, मुलाकात केंद्र और अस्पताल की व्यवस्था का जायजा लिया।

इसके साथ ही यह भी देखा गया कि बंदियों को कानूनी सहायता कितनी मिल रही है और लीगल एड क्लीनिक के जरिए उन्हें क्या सुविधाएं दी जा रही हैं। किशोर बंदियों की पहचान, शिकायत पेटी, जमानत और अपील से जुड़ी जानकारी भी ली गई।

निरीक्षण दल ने बंदियों द्वारा बनाए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की और बंदियों की ओर से बताई गई समस्याओं को गंभीरता से सुना। जेल भवन की स्थिति को लेकर भी संबंधित अधिकारियों से चर्चा की गई।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!