हरि लीला ट्रस्ट की पहल से सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में दिखा जोश,पहले चरण में हजारों छात्र हुए शामिल

जांजगीर-चांपा,,हरि लीला ट्रस्ट, बनारी, जांजगीर-नैला द्वारा जिले के छात्रों और युवाओं के लिए ज्ञान बढ़ाने व प्रेरित करने के उद्देश्य से हर साल की तरह इस बार भी सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। पहले चरण की परीक्षा में शानदार उत्साह देखने को मिला। स्कूल स्तर पर जांजगीर-चांपा विधानसभा क्षेत्र के 106 स्कूलों से लगभग 12,500 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। अब ट्रस्ट की टीम दूसरे चरण की तैयारी में जुट गई है।

प्रथम चरण में हर स्कूल से प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले 318 छात्र चयनित किए गए हैं। इन छात्रों के बीच दूसरा चरण आयोजित होगा, जिसकी तारीख जल्द घोषित की जाएगी। ट्रस्ट के सचिव अमर सुल्तानिया ने स्कूल प्रबंधनों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं का प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए आभार जताया।

यह प्रतियोगिता खास तौर पर कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए रखी गई है। विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। दूसरे चरण में प्रथम स्थान पाने वाले छात्र को ₹21,000, द्वितीय स्थान को ₹11,000, तृतीय स्थान को ₹5,100, जबकि सात छात्रों को सांत्वना पुरस्कार स्वरूप ₹2,100-₹2,100 दिए जाएंगे। इसके अलावा विजेताओं को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र भी दिए जाएंगे। पहले चरण में स्कूल स्तर पर स्थान पाने वाले छात्रों को भी सम्मानित किया जाएगा और प्रतियोगिता में शामिल हर छात्र को प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।

अमर सुल्तानिया ने कहा कि यह प्रतियोगिता छात्रों के ज्ञान के साथ-साथ उनकी प्रतिस्पर्धा की भावना और आत्मविश्वास बढ़ाने का अच्छा मौका है। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग से यह आयोजन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा। ट्रस्ट की टीम अब दूसरे चरण को बेहतर तरीके से सम्पन्न कराने की पूरी तैयारी में जुटी है।



