विजयादशमी पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रावणभाठा दशहरा उत्सव में की शिरकत, आयोजन के लिए हर साल 10 लाख रुपये देने की घोषणा
रायपुर में ऐतिहासिक रावणभाठा मैदान में आयोजित विजयादशमी उत्सव में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं और कहा कि विजयादशमी असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि हमें रावण दहन के साथ अपने भीतर मौजूद काम, क्रोध, अहंकार और लालच जैसी बुराइयों को भी खत्म करने का संकल्प लेना चाहिए।
https://www.instagram.com/reel/Devgco_qlLx/?vrfl=MTVqOWxsZGhqcnpwaw==
मुख्यमंत्री ने कहा कि रावणभाठा मैदान में दशहरा उत्सव की करीब 170 साल पुरानी परंपरा चली आ रही है। यह आयोजन छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इस परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने रावणभाठा दशहरा उत्सव के आयोजन में हर साल 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का भगवान श्रीराम से गहरा संबंध है। माता कौशल्या का मायका होने के कारण यह धरती भगवान श्रीराम का ननिहाल है। भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, धैर्य, त्याग, साहस और न्याय के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने आतंकवाद और अन्याय के खिलाफ एकजुट होकर खड़े होने की बात भी कही और ऑपरेशन सिंदूर को भारत के साहस और दृढ़ संकल्प का प्रतीक बताया।
मुख्यमंत्री ने अयोध्या में बने भव्य राम मंदिर का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार की श्रीरामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 49 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर भगवान राम के दर्शन कर चुके हैं।
उन्होंने प्रदेशवासियों से प्रेम, सद्भाव, भाईचारे और सेवा की भावना को मजबूत करने तथा सत्य, सुशासन और जनकल्याण के रास्ते पर चलते हुए विकसित छत्तीसगढ़ बनाने में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी संबोधित किया। उन्होंने रावणभाठा के दशहरा उत्सव को करीब 170 साल पुरानी गौरवशाली परंपरा बताया। इस अवसर पर विधायक सुनील सोनी, अंजय शुक्ला, सुभाष तिवारी, मनोज वर्मा, सुशील ओझा, उमेश गुप्ता, संजू नारायण सहित सार्वजनिक दशहरा उत्सव समिति के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।



