पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को दी गई श्रद्धांजलि,परिजनों का सम्मान

जांजगीर में पुलिस स्मृति दिवस का आयोजन, 154 शहीद पुलिसकर्मियों के नामों का हुआ वाचन
कर्तव्य निभाते हुए शहीद हुए जवानों को किया नमन, शॉल-श्रीफल देकर परिवारों का सम्मान
जांजगीर-चांपा जिले में 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। पुलिस लाइन खोखरा-भांठा, जांजगीर में आयोजित कार्यक्रम में कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहीदों को सलामी दी। कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा और शक्ति जिले के शहीद पुलिसकर्मियों के परिजन भी शामिल हुए।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच देशभर में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए 154 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के नामों का वाचन किया। इसके बाद शहीद स्मारक पर सूची रखकर पुलिस जवानों ने शोक शस्त्र की कार्रवाई के साथ वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर सांसद कमलेश जांगड़े, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने जांजगीर-चांपा जिले के पांच और शक्ति जिले के चार शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने शहीद परिवारों से आत्मीय चर्चा की और उनकी समस्याओं व जरूरतों की जानकारी भी ली

गौरतलब है कि 21 अक्टूबर 1959 को भारत-चीन सीमा के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 10 जवानों ने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनकी शहादत की याद में हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। कार्यक्रम में 11वीं बटालियन पुटपुरा के सेनानी विमल बैस, शक्ति के एएसपी पंकज पटेल, डीएसपी विजय कुमार पैकरा, एसडीओपी चांपा लौकेश बंसल, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



