जांजगीर चांपा सिविल सर्जन के खिलाफ डॉक्टर-नर्सों का हल्ला बोल,एक दिन का धरना प्रदर्शन

जांजगीर चांपा सिविल सर्जन के खिलाफ डॉक्टर-नर्सों का हल्ला बोल,एक दिन का धरना प्रदर्शन

जांजगीर-चांपा जिला अस्पताल के सिविल सर्जन दीपक जायसवाल के खिलाफ एक बार फिर से अस्पताल का स्टाफ मैदान में उतर आया है। जिला अस्पताल के डॉक्टर, नर्स और कर्मचारी आज एक दिन के जिला स्तरीय धरना प्रदर्शन पर बैठे। इस आंदोलन में जांजगीर जिले के पांचों ब्लॉक से डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ के साथ-साथ करीब 700 कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। इतना ही नहीं, बिलासपुर संभाग से भी डॉक्टर इस आंदोलन में शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने सीधा आरोप लगाया कि सिविल सर्जन दीपक जायसवाल के आने के बाद से अस्पताल का माहौल खराब हो गया है। डॉक्टर और नर्सों ने कहा कि उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है, जिसकी वजह से बीते तीन महीनों से अस्पताल में तनाव बना हुआ है।

आज हुए प्रदर्शन में कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा। उनकी मुख्य मांग है कि दीपक जायसवाल को जल्द हटाया जाए। उनका कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे राज्य स्तरीय आंदोलन शुरू करेंगे।

बता दें कि इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री ने भी उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। जिससे कर्मचारियों में और ज्यादा नाराजगी है। अगर हालात ऐसे ही बने रहे, तो इसका असर जिले, संभाग और पूरे राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ सकता है।

डॉक्टरों और नर्सों ने साफ कहा है कि वे अपनी लड़ाई जारी रखेंगे जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता।



