स्वतंत्रता दिवस पर राजस्व पटवारी संघ भवन में हुआ ध्वजारोहण, कर्मचारियों ने लिया राष्ट्रसेवा का संकल्प

जांजगीर। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राजस्व पटवारी संघ जिला जांजगीर-चांपा के भवन में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वार्ड पार्षद देवराज सिंह चंदेल ने तिरंगा फहराया। इसके बाद सभी ने राष्ट्रगान गाकर देश की एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम में तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष अर्जुन सिंह क्षत्रिय, राजस्व पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव और लिपिक संघ की जिलाध्यक्ष फिरत किरण सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी और पदाधिकारी मौजूद रहे।

वार्ड पार्षद देवराज सिंह चंदेल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान को याद करने का अवसर देता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने सभी से अपने कर्तव्यों को ईमानदारी से निभाते हुए समाज और देश के विकास में योगदान देने की अपील की।
राजस्व पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने कहा कि देश की आजादी वीर स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। कर्मचारी शासन की योजनाओं और सरकारी सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी कर्मचारियों से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ जनता की सेवा करने का संकल्प लेने की बात कही।
तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष अर्जुन सिंह क्षत्रिय ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस सिर्फ उत्सव मनाने का दिन नहीं है, बल्कि यह हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। उन्होंने कर्मचारियों से एकजुट होकर संगठन, समाज और देशहित में काम करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बृजपाल कुम्भकार, योगेश बनर्जी, प्रमोद कश्यप, चंद्रशेखर कश्यप, टिकेंद्र दीवान, गजानंद साहू, शैलेन्द्र राठौर, अंकित साहू, समरजीत सिंह, राज अजय देवांगन, भास्कर अग्निहोत्री, बुद्धेश देवांगन, मोहन कौशिक, लक्ष्मीनारायण राठौर, सूरज नर्मदा, हरिशंकर कश्यप, गोपाल राठौर, संजय शांडिल्य, सतीश राठौर और बालमुकुंद राठौर सहित अन्य कर्मचारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने देश की एकता, अखंडता और संविधान के मूल्यों को बनाए रखने तथा पूरी निष्ठा के साथ राष्ट्रसेवा करने का संकल्प लिया।



