खाद कारोबारियों पर कृषि विभाग का बड़ा शिकंजा,2638 बोरी खाद जब्त,दो केंद्रों पर कार्रवा

जांजगीर चांपा जिले में खाद की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ कृषि विभाग ने लगातार दूसरे दिन भी बड़ी कार्रवाई की है,,कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर उप संचालक कृषि राकेश शर्मा के नेतृत्व में उर्वरक निरीक्षकों की टीम ने कई निजी खाद दुकानों पर औचक छापेमारी की, जहां अनियमितता मिलने पर कुल 2638 बोरी रासायनिक खाद जब्त कर ली गई।
जानकारी के अनुसार,,कृषि विभाग की टीम ने सबसे पहले चांपा स्थित मेसर्स दिशा सेल्स का निरीक्षण किया,,जांच के दौरान खाद के भंडारण और वितरण में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं,,इसके बाद उर्वरक गुण नियंत्रण आदेश 1985 के तहत कार्रवाई करते हुए 1150 बोरी एनपीके खाद, 428 बोरी एसएसपी (दानेदार), 630 बोरी एसएसपी (पाउडर) और 98 बोरी जिंकेटेड एसएसपी पर विक्रय प्रतिबंध लगाते हुए जब्त कर लिया गया।
इसके बाद टीम ने बलौदा विकासखंड के ग्राम पिसौद स्थित राजकुमार साहू कृषि केंद्र में दबिश दी,,यहां बड़ी मात्रा में खाद का अवैध भंडारण पाया गया। जांच में 98 बोरी यूरिया, 94 बोरी जिंकेटेड एसएसपी, 70 बोरी ट्रिपल सुपर फास्फेट और 70 बोरी एनपीके खाद बिना वैध दस्तावेजों के भंडारित मिली,,इस पर विभाग ने खाद जब्त कर दुकान को सील कर दिया।
उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने बताया कि किसानों को समय पर और पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने के लिए जिले भर में लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खाद की कालाबाजारी,,जमाखोरी और वितरण में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कृषि विभाग की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से जिले के खाद कारोबारियों में हड़कंप मच गया है,,विभाग ने साफ कर दिया है कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।



