अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिला न्यायालय परिसर में योग शिविर का आयोजन

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिला न्यायालय परिसर में योग शिविर का आयोजन

जांजगीर-चांपा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर द्वारा एडीआर भवन में योग शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष शक्ति सिंह राजपूत के निर्देश पर किया गया।

योग शिविर में जिला न्यायालय और विधिक सेवा प्राधिकरण के सभी न्यायाधीश, अधिवक्ता और कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर की शुरुआत में प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश शैलेंद्र चौहान ने योग दिवस की थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” की जानकारी दी और योग को नियमित रूप से करने से होने वाले स्वास्थ्य लाभ के बारे में बताया। उन्होंने यह भी बताया कि योग मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने का आसान और कारगर तरीका है। साथ ही, नालसा द्वारा शुरू किए गए “जागृति एवं संवाद” अभियान के बारे में भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में चतुर्थ जिला एवं सत्र न्यायाधीश सर्व विजय अग्रवाल ने योग करने से बीमारियों से बचाव, मानसिक शांति और आत्मबल बढ़ाने के फायदे बताए। उन्होंने नालसा की योजना “आवाज उठाओ और डॉन” की जानकारी भी दी और सभी का आभार व्यक्त किया।

योग प्रशिक्षक रामचंद्र गोपाल ने उपस्थित लोगों को सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, भस्त्रिका, उज्जायी, सूर्य भेदन, शीतकारी जैसे कई प्राणायाम और योगासनों का अभ्यास कराया और इनसे होने वाले लाभों को विस्तार से बताया,,कार्यक्रम का संचालन पैरा लीगल वालंटियर लक्ष्मी प्रसाद जायसवाल ने किया। उन्होंने विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं, मुफ्त कानूनी सहायता और नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में जानकारी दी,,इस अवसर पर जिला न्यायालय के न्यायाधीशगण, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अजय केशरवानी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मनोज कुमार कुशवाहा, न्यायिक अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद थे।



